MP Budget 2023: छात्राओं फर्स्ट डिवीजन 12 वीं करो पास और ले जाओ इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी
MP Budget 2023 शिवराज सिंह ने कहा कि बजट का लगभग एक तिहाई हिस्सा यानी एक लाख दो हजार करोड़ से अधिक रुपये का प्रविधान आधी आबादी यानी महिलाओं व बालिकाओं के उत्थान और विकास के लिए किया गया है।
शिवराज सिंह ने कहा कि इसी तरह खेलों का बजट लगभग तीन गुना बढ़ाकर सात सौ करोड़ रुपयों से अधिक कर दिया गया है। ढांचागत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए भी बजट राशि और बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों को कुपेाषण से मुक्ति दिलाने के लिए संचालित आहार अनुदान योजना के तहत बैगा, सहरिया और भारिया जनजाति की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए अब बजट में 300 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये डाले जाएंगे। इसके लिए बजट में आठ हजार करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। वहीं प्रसूति सहायता योजना में 400 करोड़, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में 929 करोड़, कन्या विवाह एवं निकाह योजना में 80 करोड़, विभिन्न सामाजिक पेंशनों में 3, 525 करोड़ को सम्मिलित करते हुए महिलाओं के लिए वर्ष 2023-24 में कुल 1 लाख 2 हजार 976 करोड़ के प्रविधान प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि बजट में बालिका स्कूटी योजना भी घोषित की गई है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक स्कूल में कक्षा 12वीं में प्रथम आने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी प्रदान की जाएगी। ई-स्कूटी देने का निर्णय इसलिए किया गया है कि छात्राओं के सामने अपने शैक्षणिक संस्थान आने-जाने के लिए पेट्रोल भरवाने का झंझट नहीं रहे। उन्होंने कहा कि यह योजना छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने में मददगार साबित होगी।