CM ने आज बुलाया सभी मंत्रियों को राजधानी, चर्चाओं लग रहे अलग-अलग कयास
MP News: एमपी के सभी मंत्रियों को आज रविवार को CM शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल बुलाया है। CMO से दो दिन पहले भेजे गए संदेश में उनसे कहा गया कि सभी जरूरी काम छोड़कर 19 फरवरी की सुबह नौ बजे तक भोपाल पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस संदेश ने मंत्रियों को बेचैन कर दिया है, तो उनके समर्थकों की नींद भी उड़ा दी है।
दरअसल, संदेश में यह नहीं बताया गया है कि उन्हें किसलिए बुलाया जा रहा है। कुछ लोग इसे विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल से जोड़कर देख रहे हैं क्योंकि पिछले दिनों मुख्यमंत्री दिल्ली की यात्रा पर थे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलकर आए थे। बता दें कि शिवराज मंत्रिमंडल में चार और मंत्रियों के लिए जगह है। वर्तमान में मुख्यमंत्री के अलावा मंत्रिमंडल में 30 मंत्री हैं।
विकास यात्रा पर भी होगी मंत्रियों से बात
मुख्यमंत्री आवास में रविवार को बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सभी मंत्रियों से विकास यात्रा को लेकर चर्चा करेंगे। उनसे यात्रा के बारे में प्रतिक्रिया लेंगे। जिलों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे। वहीं यह भी बताया जाएगा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए यात्रा के दौरान किन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दिया जाना है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल लाड़ली बहना योजना पर भी मंत्रियों से बात की जाएगी।
एक वजह यह भी है कि प्रदेश में भाजपा की ओर से विकास यात्राएं निकाली जा रही हैं, उसे छोड़कर बुलावा आ गया। दरअसल, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह राज्य सरकार का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें मंत्री, सांसद, महापौर, विधायक, जिला-जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, निकाय अध्यक्ष और पार्षदों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। यात्रा का नेतृत्व जिले के प्रभारी मंत्री कर रहे हैं।