मोदी-शाह ने फिर चौंकाया : गुजरात के नए सीएम चुने गए भूपेंद्र पटेल, कल दोहपर दो बजे शपथग्रहण
भूपेंद्र पटेल गुजरात में भाजपा सरकार के नए मुख्यमंत्री होंगे। रविवार को गांधीनगर में हुई भाजप विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पटेल को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। बता दें, शनिवार को विजय रूपाणी ने अचानक सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में करीब सवा साल बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
भूपेंद्र पटेल गुजरात के घाटलोदिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। रविवार को गांधीनगर स्थित ‘कमलम’ में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में गुजरात के नए सीएम का एलान किया गया। इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री तोमर ने बताया कि पटेल जल्द सीएम पद की शपथ लेंगे। नव निर्वाचित सीएम भूपेंद्र पटेल ने 2017 में 117,000 वोटों के अंतर से घाटलोदिया सीट से जीत हासिल की थी। यह 2017 के गुजरात विस चुनाव में सबसे बड़ी जीत थी। गुजरात में दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
पटेल कल लेंगे शपथ
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गुजरात के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल कल (सोमवार को) दोपहर दो बजे शपथ लेंगे। कोई और मंत्री या उपमुख्यमंत्री पद का शपथग्रहण नहीं होगा।