कटनी के महिला आरक्षित वार्डों का आरक्षण निरस्त, दोबारा होगा
भोपाल, कटनी। नगरीय निकाय चुनावों को लेकर बड़ी खबर मिल रही है। कटनी के सभी महिला आरक्षित वार्डों का दोबारा आरक्षण होगा। आरक्षण में कुछ खामियों के चलते कटनी के इन वार्डों का आरक्षण रद्द कर दिया गया है। इसे राजनीतिक कारण के रूप में भी देखा जा रहा है।
बहरहाल अब नई तारीख में पुनः आरक्षण किया जाएगा। आपको बता दें इससे पहले 3 वार्डो का आरक्षण दोबारा कराया गया था। इसमे महिला एवं अजा वार्ड में कुछ गड़बड़ी के बाद फैसला लिया गया था। अब सभी महिला वार्डों में यह प्रक्रिया फिर से होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुनः आरक्षण की प्रक्रिया मंगलवार को होगी।
कलेक्टर एवं विहित प्राधिकारी शशिभूषण सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पालिक निगम कटनी के वार्डों की अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अनारक्षित महिला वर्ग के लिये आरक्षण की प्रक्रिया 1 दिसम्बर 2020 को प्रातः 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित होगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं विहित प्राधिकारी श्री सिंह द्वारा मध्यप्रदेश नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिये वार्डों के आरक्षण) नियम 1994 के नियम 5 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये आदेश जारी किया गया है। जिसके तहत स्थानीय निकाय के अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अनारक्षित वर्ग में चक्रानुक्रम रीति से महिलाओं के पुनः आरक्षण किया जायेगा। आरक्षण की प्रक्रिया के दौरान कार्यवाही के समय यदि कोई नागरिक उपस्थित होना चाहें, तो वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित रह सकते हैं।