MP में कलेक्टर सहित 65 हजार बूथ लेवल ऑफिसरों के तबादलों पर लगा प्रतिबंध
भोपाल। प्रदेश में कलेक्टर सहित 65 हजार बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के तबादले पर आज से प्रतिबंध लग गया। अब सरकार को कोई भी तबादला करने से पहले चुनाव आयोग की अनुमति लेनी होगी। दरअसल, आयोग ने मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 15 जनवरी 2021 को अंतिम प्रकाशन के साथ यह पूरा होगा। तब तक यदि सरकार को कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार (मतदाता सूची के कार्य में संलग्न) का तबादला करना है तो पहले आयोग से अनुमति लेनी होगी।
चुनाव आयोग द्वारा फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2021 का प्रारूप प्रकाशन बुधवार को कर दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीरा राणा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके मतदाता और मतदान केंद्र की स्थिति बताते हुए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़वाने में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2021 या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाला मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकता है। नाम हटवाने और संशोधन कराने के लिए आवेदन 24 दिसंबर तक लिए जाएंगे और इनका निराकरण सात जनवरी 2021 तक किया जाएगा।
15 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने सभी दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्र स्तर पर इस काम के लिए अभिकर्ता नियुक्त करने की अपील की है। बैठक में सभी दलों की ओर से कहा गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में परिवर्तन किया जाए। एक ही मतदाता परिचय पत्र सभी जगह रहे और एक ही सूची मान्य हो। नए जिले और तहसील बनने के बाद सूची में नाम संशोधित कराना पड़ता है।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण कुमार तोमर का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के समय कलेक्टर (जिला निर्वाचन अधिकारी), एसडीएम (रजिस्ट्रिकरण अधिकारी), तहसीलदार (सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) और बूथ लेवल अधिकारी के स्थानांतरण नहीं होते हैं। यदि आवश्यक है तो शासन आयोग की अनुमति लेकर तबादला कर सकता है।
कुल मतदाता (सर्विस वोटर सहित)
5,22,95,854
पुरुष मतदाता
2,71,28,497
महिला
2,50,90,899
थर्ड जेंडर
1,279
सेवा मतदाता
पुरुष
73,062
महिला
2,117
कुल मतदान केंद्र
64,592
आयुवार मतदाता
आयु वर्ग- मतदाता
18-19–3,52,804
20-29–1,32,60,123
30-39–1,39,60,123
40-49–1,05,34,797
50-59–72,12,331
60-69–41,26,535
70-79–20,17,598
80 से अधिक–7,47,080
साल-दर-साल ऐसी बढ़ी मतदाताओं की संख्या
वर्ष–मतदाता संख्या
2016-4,95,55,292
2017-4,99,68,925
2018-5,07,71,848
2019- 5,14,02,020
2020- 5,21,25,573
2021(प्रारूप)-5,22,20,675
(स्रोत: निर्वाचन आयोग)