उत्तरप्रदेश

यूपी निकाय चुनावः फर्जी मतदान की खबरें, तीन महिलाएं गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शहरों की सरकार चुनने का काम आज पूरा हो जाएगा। निकाय चुनावों के लिए अंतिम चरण का मतदान जारी है और इसके लिए मतदान केंद्रों पर लंबी लाईने लगीं है। अंतिम चरण में 26 जिलों की 233 नगरीय निकायों के लिए मतदान हो रहा है। इस बीच कई जगहों पर फर्जी मतदान की खबरें सामने आई हैं। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के पोलिंग बूथ पर फर्जी वोटिंग की शिकायत मिलने पर तीन महिलाओं को पकड़ा गया। तीनों महिलाओं को गिरफ्तार करके पुलिस कोतवाली ले गई।

कटघर थाना क्षेत्र में आसिम स्कूल और एडम ईव स्कूल मतदान केंद्र के बाहर सड़क पर साइकिल का निशान बनाया गया। इसको दिखाकर मतदाताओं को रिझाया जा रहा था। इस मामले की जानकारी पर पहुंचे पुलिस बल ने साइकिल निशान को मिटाया। थाने में अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ कटघर सुधीर गुप्ता ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है कि किसने इसको बनाया था। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

बागपत, सहारनपुर और बुलंदशहर में एक-दो स्‍थानों पर फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामे को छोड़ तीनों जिलों में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। सहारनपुर में महापौर के साथ ही पालिका व नगर पंचायत अध्‍यक्ष व सभासद के लिए वोट डाले जा रहे हैं। अन्‍य दो जिलों में पालिका व नगर पंचायत अध्‍यक्ष के लिए मतदान हो रहा है। सुबह छह बजे से ही बूथों पर मतदाताओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी।

बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी में फर्जी वोट डालने को लेकर कुछ देर हंगामा हुआ। निर्दलीय प्रत्‍याशी ने पुलिस पर आरोप लगाए। दोघट में एक बूथ के बाहर नोट बांटने की सूचना पर पुलिस दौडी लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। बागपत के बडौत में एक बूथ पर कुछ बाइक सवारों ने रालोद प्रत्‍याशी के पंफलेट डालकर भाग निकले। पुलिस ने तत्‍काल इस चुनाव सामग्री को वहां से हटवाया।

इसे भी पढ़ें-  Train News: 2 ट्रेनें निरस्त और 5 परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, न्यू कटनी जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग के कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित

 

सहारनपुर व बुलंदशहर में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। बागपत में नौ बजे तक 10 फीसद मतदान हो चुका है। तीनों जिलों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कडे इंतजाम किए हैं। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। सहारनपुर के गंगोह में फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस ने दस लोगों को पकड़ा। यहां पर कुछ देर हंगामा भी हुआ। बुलंदशहर में हरि एन्‍कलेव कालोनी में वोटर लिस्‍ट में नाम न होने पर लोगों ने किया हंगामा।

निकाय चुनाव में आज पांच नगर निगम में महापौर चुनने के लिए भी मतदान हो रहा है। दूसरे चरण के मतदान के दौरान मतदाता सूची के साथ ही ईवीएम में खराबी के कारण इस चरण में जिला प्रशासन की टीमें किसी भी गड़बड़ी से निपटने को पूरी तरह से मुस्तैद हैं।

प्रदेश के तीसरे चरण में 94 लाख मतदाता 28135 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हो गया है जो कि शाम पांच बजे तक होगा।

तीसरे चरण में पांच नगर निगम, 76 नगर पालिका परिषद व 152 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। सभी जगह मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतिम चरण के लिए 3599 मतदान केंद्र व 10817 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें-  Kids Uniform Pant Shirt In school: फुल पैंट शर्ट पहनकर आएंगे प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों के बच्चे, सरकार ने जारी किए निर्देश

पांच नगर निगमों के लिए मतदान

पांच नगर निगमों में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, फीरोजाबाद व झांसी हैं। इनमें मेयर पद के लिए 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर निगमों में पार्षदों के 350 पद के लिए 3175 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष के 76 पद पर 914 उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार सदस्यों के 2002 पदों के लिए 11637 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर पंचायतों पर नजर डाली जाए तो 152 पदों के लिए 1711 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें सदस्यों के 1947 पद हैं। इसमें भी 10624 प्रत्याशी खड़े हैं।

मेयर पद के लिए सबसे अधिक 22 प्रत्याशी

अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि बरेली में मेयर पद के लिए सबसे अधिक 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। पार्षदों में सबसे अधिक प्रत्याशी बरेली के वार्ड संख्या 13 शांति विहार में 32 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। झांसी की समथर नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के सबसे अधिक 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जबकि सदस्यों में बागपत के बड़ौत नगर पालिका के वार्ड संख्या चार में सबसे अधिक 21 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पंचायतों में देखा जाए तो अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक मुरादाबाद की पाकबड़ा नगर पंचायत में 33 उम्मीदवार हैं। सदस्यों में मऊ के चिरैयाकोट नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 से सबसे अधिक 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

इसे भी पढ़ें-  MP समेत इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

15 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

तीसरे चरण के चुनाव में 15 सदस्य ऐसे हैं जो निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें नगर पालिका परिषद के आठ सदस्य हैं, जबकि सात सदस्य नगर पंचायतों के हैं। सदस्यों के एक-एक प्रत्याशी होने के कारण यहां चुनाव कराने की नौबत नहीं आई।

1155 बूथों की होगी वेबकास्टिंग

राज्य निर्वाचन आयोग तीसरे चरण के चुनाव में अति संवेदनशील प्लस 1155 पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग करा रहा है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां जरा सी गड़बड़ होने पर तत्काल जिले के कंट्रोल रूम के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के कंट्रोल रूम तक सूचना पहुंच जाएगी।

पांच नगर निगमों के चुनाव में लगेंगी पांच हजार ईवीएम

तीसरे चरण में हो रहे पांच नगर निगमों के चुनाव में कुल पांच हजार ईवीएम लगाई जा रही हैं। इनके अलावा एक हजार से अधिक ईवीएम अतिरिक्त दी गईं हैं।

आज इन जिलों में पड़ेंगे वोट

सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, एटा, फीरोजाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, झांसी, महोबा, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, मऊ, चन्दौली, जौनपुर व मीरजापुर

इनके दम पर होगा मतदान

जोनल मजिस्ट्रेट-364

सेक्टर मजिस्ट्रेट-890

सीपीएमएफ-40 कंपनी

पीएसी-71 कंपनी

इंस्पेक्टर-361

सब इंस्पेक्टर-7,333

हेड कांस्टेबिल-4590

कांस्टेबिल-36,111

होमगार्ड-14291

एक नजर में-तीसरा चरण

कुल जिले-26

कुल नगरीय निकाय-233

नगर निगम-5

नगर पालिका परिषद-76

नगर पंचायत-152

मतदान केंद्र-3599

मतदेय स्थल-10817

कुल मतदाता-94,05,122

पुरुष मतदाता-49,93,825

महिला मतदाता-44,12,138

वर्ष 2012 में इन जिलों का मतदान प्रतिशत-51.57।