MP को पर्यटन के क्षेत्र में 10 राष्ट्रीय पुरस्कार
भोपाल। मध्य प्रदेश पर्यटन को पर्यटन की श्रेणी में किए गए विभिन्न् कार्यों के लिए पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी विभिन्न श्रेणियों में कुल 10 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
यह राष्ट्रीय पुरस्कार उपराष्ट्रपति एम वैंकैया नायडू ने केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तथा संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के महासचिव झुरब पोलीकैश की उपस्थिति में शुक्रवार को (विश्व पर्यटन दिवस) पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार समारोह 2019 में दिए गए।
इस अवसर पर मप्र के पर्यटन सचिव और प्रबंधन संचालक फैज अहमद किदवई ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत ही गौरव का विषय है कि मप्र पर्यटन को इस बार भी विभिन्न श्रेणियों में कुल 10 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
पर्यटन मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पर्यटन सदैव ही पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अथक प्रयास करता रहता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मप्र के बाघों की सर्वाधिक संख्या होने की वजह से टाइगर स्टेट ऑफ इंडिया घोषित किया गया है।
इन श्रेणियों में मिला पुरस्कार
-बेस्ट एडवेंचर स्टेट (सर्वश्रेष्ठ साहसिक राज्य)
-विदेशी भाषा में प्रकाशन में उत्कृष्टता, चाइनीस ब्रोशर
-सर्वश्रेष्ठ पर्यटन संवर्धन प्रचार सामग्री
-लोनली प्लैनेट पॉकेट गाइड
-सर्वश्रेष्ठ स्मारक- बौद्ध स्मारक, सांची
-बेस्ट वाइल्ड लाइफ गाइड, मनोज कुमार,पन्ना
-सर्वश्रेष्ठ हेरिटेज सिटी- ओरछा
-सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा इंदौर
-स्वच्छता पुरस्कार- इंदौर
-सर्वश्रेष्ठ पर्यटक परिवहन ऑपरेटर,रेडिएंट ट्रेवल
मध्यप्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म का मजा
आप गोवा के बीचेस, शानदार कॉटेज और एडवेंचर एक्टीविटी का मजा मध्यप्रदेश में भी ले सकते हैं। यहां भी विशाल समंदर सी लहरें उठती हैं। यह स्थान खंडवा जिले के हनुवंतिया टापू पर है। यह टापू चारों तरफ से समुंदर की तरह फैले नर्मदा के बैक वॉटर से घिरा हुआ है।
दुनियाभर में यह स्थान सबसे बड़े मानव निर्मित टापू के रूप में विख्यात हो गया है। इसके प्रदेश के पचमढ़ी, ओरछा, केरवा, माण्डू, तामिया और अन्य स्थानों पर एडवेंचर टूरिस्ट का लुत्फ उठाया जा सकता है। राज्य सरकार एडवेंचर टूरिज्म की दिशा में देश के अन्य राज्यों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है।