LatestPolitics

डेलीहंट और नील्सन सर्वे में मोदी पीएम पद की पहली पसंद, ये थी लोगों की राय

नई दिल्ली । देश के 63% लोग नरेंद्र मोदी पर विश्वास करते हैं। वहीं, 50% लोगों का कहना है कि देश के बेहतर भविष्य के लिए मोदी को दूसरा कार्यकाल भी मिलना चाहिए। यह बात  एक ऑनलाइन सर्वे में सामने आई है। यह सर्वे न्यूज पोर्टल डेलीहंट और नील्सन इंडिया ने कराया था। इस सर्वे में देश और विदेश में रहने वाले करीब 54 लाख लोगों से उनके विचार जाने गए।

64% लोगों ने कहा- मोदी के कार्यकाल से संतुष्ट
  1. सर्वे के मुताबिक, 64% लोगों ने 2014 की तरह नरेंद्र मोदी पर अपना विश्वास बरकरार रखा है। साथ ही, चार साल के कार्यकाल में उनके नेतृत्व को लेकर संतुष्टि जाहिर की है।
  2. पांचों राज्यों में हारेगी भाजपा : सुरजेवाला

    कांग्रेस पार्टी ने इस सर्वे को बेकार और झूठा कहा है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘मोदी सरकार पर लोगों का विश्वास खत्म हो रहा है और भाजपा पांचों राज्यों के चुनाव में बुरी तरह हारने वाली है। ऐसे में भाजपा दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए झूठे सर्वे करा रही है।’’

  3. मिजोरम में नहीं की गई चर्चा

    पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर सर्वे में दावा किया गया कि मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लोगों को अब भी मोदी पर विश्वास है। हालांकि, तेलंगाना अकेला ऐसा राज्य है, जो इस ट्रेंड से अलग है। वहीं, मिजोरम में इस ट्रेंड पर बात नहीं की गई।

  4. 60% को विश्वास- भ्रष्टाचार खत्म कर सकते हैं मोदी

    सर्वे के मुताबिक, 60% लोगों ने उच्च स्तर पर मौजूद भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए मोदी पर विश्वास जताया है। वहीं, इस मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से आगे रखा गया है।

  5. नेतृत्व करने में मोदी सबसे आगे

    62% लोगों का विश्वास है कि राष्ट्रीय आपदा के वक्त देश का नेतृत्व करने में नरेंद्र मोदी सबसे ज्यादा सक्षम हैं। इस लिस्ट में राहुल गांधी को 17%, अरविंद केजरीवाल को 8%, अखिलेश यादव को 3% और मायावती को 2% वोट मिले हैं। डेलीहंट और नील्सन इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस सर्वे में किसी भी तरह का राजनीति हस्तक्षेप नहीं था।

इसे भी पढ़ें-  विशाल आभार यात्रा के साथ मुड़वारा से नव निर्वाचित विधायक संदीप जायसवाल ने जताया मतदाताओं का आभार, देखें फोटो

Leave a Reply