FB डाटा लीक: भाजपा की राहुल गांधी को घेरने की कोशिश, पूछे सवाल
नई दिल्ली। सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर तकरीबन 5 करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने के बाद जिस डाटा फर्म को फायदा पहुंचने के आरोप लग रहे हैं, भाजपा ने उसी एजेंसी से कांग्रेस के कनेक्शन का दावा किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कैंब्रिज एनालिटिका केस में कांग्रेस को इस मसले पर घेरने की कोशिश की है।
कांग्रेस का पलटवार –
रविशंकर के अरोपों को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी या कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैंब्रिज एनालिटिका नाम की कंपनी की सेवा कभी नहीं ली है। कानून मंत्री फेक एजेंडा चला रहे हैं। भाजपा की फेक फैक्ट्री ने एक और फेक प्रोडक्ट दिया है, उनका बयान फेक एजेंडे को दिखाता है। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर कैंब्रिज एनालिटिका की सेवाएं लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कैंब्रिज एनालिटिका से जुड़ी कंपनी की सेवाएं 2010 में भाजपा और जदयू ने ली थीं।
मंत्री का आरोप, कांग्रेस ने ली आरोपी कंपनी की सेवाएं –
इससे पहले मामले पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2019 के चुनाव प्रचार के लिए ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका को जिम्मेदारी सौंपी है, जिस पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। मीडिया का एक वर्ग इसे कांग्रेस का ‘ब्रह्मास्त्र’ तक बताता रहा है।
जरूरत पड़ी तो सरकार उठाएगी सख्त कदम –
उन्होंने कहा कि फेसबुक द्वारा अवांछनीय तरीके से भारत की चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरी तरह से मीडिया, बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और साथ ही सोशल मीडिया पर विचारों के आदान-प्रदान का समर्थन करती है। बता दें कि कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के 5 करोड़ यूजर्स से जुड़ी जानकारियों के दुरुपयोग करने का आरोप लगा है।
राहुल गांधी बताएं क्या है कैंब्रिज एनालिटिका का रोल –
रविशंकर प्रसाद ने कहा, फेसबुक डाटा लीक मामले में कैंब्रिज एनालिटिक के सीईओ को सस्पेंड किया गया है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रोफाइल में कैंब्रिज एनालिटिका का क्या रोल है? उन्होंने कहा कि सरकार साइबर सुरक्षा के लिए गंभीर है। इसका दुरुपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस डाटा चुराकर चुनाव जीतना चाहती है। इस तरह से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने पर कार्रवाई होगी।
5 करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने का दावा –
दावा किया जा रहा है कि फेसबुक पर करीब 5 करोड़ यूजर्स की निजी जानकारियां लीक हुई हैं, जिसका फायदा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के लिए काम कर रही फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका ने उठाया। आरोप हैं कि फर्म ने वोटर्स की राय को मैनिप्युलेट करने के लिए फेसबुक यूजर्स डाटा में सेंध लगाई। अब इस मामले में फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग से जवाब-तलब किया गया है।
You must log in to post a comment.