जबलपुर-अब न्यायालय परिसर में चली गोली बाल-बाल बचा टाइपिस्ट
जबलपुर। आज सुबह सिविल कोर्ट खुलने के बाद अशोक वाटिका स्थित हनुमान मंदिर के पास गोली चलने की घटना से न्यायालय परिसर में सनसनी फैल गयी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी है और वहां बैठा टाइपिस्ट बाल बाल गया।
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला, एएसपी जीपी पाराशर, थाना प्रभारी सिविल लाइन सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स न्यायालय परिसर में पहुंच गयी थी। इस संबंध में सूत्रों से जो प्रारंभिक जानकारी मिली है उसके अनुसार अशोक वाटिका के आसपास काफी टाइपिस्ट बैठते हैं वहीं पर मुकेश राय नामक टाइपिस्ट भी बैठता है।
आज सुबह देवी सोनकर नामक महिला जिसके न्यायालय में 6-7 केस चल रहे हैं वह भी आकर टाइपिस्ट के बाजू में बैठ गयी। इसी बीच किसी अज्ञात तत्व ने फायरिंग कर दी ओर गोली टाइपिंग मशीन को छूती हुई दीवार में जाकर लगी।
टाइपिस्ट और महिला बाल बाल बच गये। घटना से न्यायालय परिसर में अफरा तफरी मच गयी और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी। न्यायालय परिसर में गोली चलने की घटना की खबर लगते ही एसपी शशिकांत शुक्ला, जीपी पाराशर, सिविल लाइन थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। सूत्रों की मानें तो गोली महिला के किसी विरोधी के द्वारा चलायी गयी होगी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद बार कॉउसिंल हॉल में अधिवक्तओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बैठक चल रही थी। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बारीकी से परीक्षण करने में जुटी है। सूत्र बताते हैं कि गोली का खोखा भी मिला है जिसे एक पुलिस अधिकारी ने अपनी जेब में रख लिया है।
गोराबाजार गोली कांड के आरोपियों की तलाश
आज सिविल कोर्ट परिसर में हुई घटना के पूर्व गत शाम गोराबाजार थाना क्षेत्र में राजुल टाउनशिप चैतन्य सिटी के गेट पर यामहा सवार दो बदमाशों ने एक युवक पर दनादन गोलियां दाग कर उसे मौत के घाट उतार दिया। फिल्मी अंदाज में की गयी इस वारदात में मृतक पवन दुबे को सीने में चार और पीठ में तीन गोलियां लगी हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। इस घटना के पीछे रेत के खेल या प्रेम प्रसंग को कारण बताया जा रहा है। पुलिस हर एंगिल से जांच कर आरोपियों की पतासाजी करने में लगी है। पुलिस का कहना है कि कुछ क्लू मिले हैं जिसके चलते आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे। एक के बाद एक हो रहीं गंभीर वारदातों से शहर में दहशत का माहौल तो निर्मित हैं ही साथ ही अपराधी तत्व पुलिस के लिए चैलेंग बने हुए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ नहीं बोल रही है लेकिन घटना से सनसनी जरूर व्याप्त है।
You must log in to post a comment.