कार्रवाई: कांग्रेस ने पार्टी के शाजापुर जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी को पद से हटाया
कांग्रेस ने पार्टी के शाजापुर जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी को पद से हटा दिया। शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी टिकट मांग रहे थे लेकिन पार्टी ने रामवीर सिकरवार को प्रत्याशी बनाया। इसके विरोध में योगेंद्र ने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय आकर विरोध प्रदर्शन भी किया और निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने उन्हें चुनाव न लड़ने के लिए तो मना लिया था, पर वह अंदर ही अंदर पार्टी प्रत्याशी को नुकसान पहुंचा रहे थे।
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कांग्रेस ने पार्टी के शाजापुर जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी को पद से हटा दिया। उन्हें नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब भी मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनको पार्टी से निष्कासित भी किया जा सकता है।