CM Yogi Dream Project: विंध्य कॉरिडोर परिसर में पान-गुटखा खाने पर लगा प्रतिबंध, पकड़े जाने पर खैर नहीं
CM Yogi Dream Project: विंध्य कॉरिडोर परिसर में पान-गुटखा खाने पर लगा प्रतिबंध, पकड़े जाने पर खैर नहीं वैसे तो मंदिर व धार्मिक स्थानों पर तंबाकू- पान मसाला आदि पर तो रोक लागू है। मगर, विंध्याचल धाम में स्थिति अलग है। बुधवार को मिर्जापुर डीएम निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण करने पहुंचीं तो जगह-जगह पान-गुटखा की पीक देख कर नाराज हो गईं।
शारदीय नवरात्र शुरू होने से पहले सिद्धपीठ मां विंध्यवासिनी धाम में भी व्यवस्थाएं बदलने लगी हैं। विंध्य कॉरिडोर परिसर में पान-गुटखा ले जाने व खाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। परिसर में पान-गुटखा के साथ पकड़े जाने पर एक हजार रुपये का अर्थदंड देना होगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन बुधवार को विंध्याचल पहुंचीं। मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन पूजन किया। इसके बाद निर्माणाधीन कॉरिडोर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जगह-जगह परिक्रमा पथ में पान-गुटखा की पीक देखकर नाराजगी जताईं।
उन्होंने विंध्य कॉरिडोर परिक्रमा पथ परिसर में पान- गुटखा खाकर प्रवेश करने पर पूर्ण पाबंदी लगाने को कहा। नियम के उल्लंघन पर एक हजार रुपये का अर्थदंड देना होगा। यह नियम सभी पर लागू होगा। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र भी उपस्थित रहे। विंध्य धाम कॉरिडोर को सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। इसका 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
शारदीय नवरात्र से पहले पूरा हो पत्थर लगाने का काम
जिलाधिकारी ने 25 सितंबर तक पूर्ण होने वाले कार्यों में देरी देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने शारदीय नवरात्र के पूर्व 10 अक्टूबर तक समस्त आवश्यक कार्य पूरा करने को कहा। परिसर के बाहरी दीवारों पर लगाए जा रहे पत्थरों को नवरात्र के पूर्व पूर्ण कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा की दो अक्तूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में सुबह साढ़े छह बजे से वृहद साफ सफाई अभियान विंध्य क्षेत्र में चलेगा। सफाई अभियान में नगर विधायक भी शामिल रहेंगे। नगरपालिका की सफाई टीम के साथ अन्य लोगों से भी जुड़ने की अपील की। उन्होंने जगह-जगह रखे गए मलबे को हटाने का भी निर्देश दिया।
परिक्रमा पथ के किनारे बनाई गई नालियों को दो दिन के अंदर पत्थर से ढंकने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने गंगा पुल के शास्त्री ब्रिज पहुंचकर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। डीएम ने 15 अक्टूबर तक शत प्रतिशत काम पूरा करने को कहा। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।