मणिपुर में भारतीय सेना के जवान का अपहरण कर हत्या, 4 महीनों के अंदर ही 175 लोगों की मौत
देश के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में हिंसा का दौर अब तक नहीं थम रहा है। इस दौरान भारतीय सेना के जवान का अपहरण कर हत्या करने का मामला सामने आया है। रक्षा मंत्रालय और कोहिमा पीआरओ ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जवान सर्टो थांगथांग कोम का तीन बदमाशों द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।
4 महीनों के अंदर ही 175 लोगों की मौत हो चुकी है, इनके साथ 1108 लोग घायल भी हो गए। मणिपुर पुलिस के अनुसार मई से शुरू हुआ हिंसा का यह दौर अब भी जारी है। संघर्ष के दौरान मणिपुर में 4786 घरों को आग के हवाले कर दिया गया और 386 धार्मिक स्थानों को भी तोड़ दिया था।
रक्षा मंत्रालय की ओर से घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि जवान सर्टो थांगथांग कोम (41) इंफाल क्षेत्र में अपने गांव तरुंग में छुट्टी पर गए थे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार उनकी तैनाती मणिपुर के लीखाखोंग में डीएससी प्लाटून में तैनात किया गया था। जवान के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।