Latest

Independence Day 2023 LIVE: पीएम मोदी बोले- हमने समय से पहले नई संसद बनाकर रख दी, नया भारत आत्मविश्वास से भरा

77th Independence Day, 15th August Celebration Live Updates: देश ने आजादी के 76 वर्ष पूरे कर लिए हैं। आज पूरा देश 77वां स्वतंत्रता दिवस (Swatantrata Diwas) मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरा राष्ट्र देशभक्ति से लबरेज है। इसके साथ ही दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक सुरक्षा चाक चौबंद है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम से जुड़े हर अपडेट के लिए जुड़े रहें

 

प्रधानमंत्री बोले- मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश की सारी समस्याओं की जड़ में भ्रष्टाचार दीमक की तरह है। इसने देश के सामर्थ्य को बुरी तरह नोंच लिया है। यह मोदी के जीवन का कमिटमेंट है, यह मेरे व्यक्तित्व की प्रतिबद्धता है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा। हमारे देश को परिवारवाद ने नोंच लिया है, इसने जकड़कर रखा है। तीसरी बुराई है तुष्टीकरण। इसलिए मेरे प्यारे देशवासियों, हम इन तीन बुराई के खिलाफ पूरे सामर्थ्य से लड़ना है। ये ऐसी चीजें पनपी हैं जो हमारे देश की आकांक्षाओं का दमन करती है। हमें भ्रष्टाचार से मुक्ति पानी है। इस देश में पिछले नौ साल में दस करोड़ लोगों को मैंने गलत फायदा उठाने से रोक दिया। ये दस करोड़ लोग वो थे, जिनका जन्म ही नहीं हुआ था। वे विधवा, वृद्ध, दिव्यांग हो जाते थे। दस करोड़ बेनामी चीजों को रोका है। भ्रष्टाचारियों की संपत्ति पहले की तुलना में 20 गुना ज्यादा जब्त की है।
पीएम बोले- कुछ सच्चाइयों को हमें स्वीकार करना पड़ेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सपने अनेक हैं, संकल्प साफ है, नीतियां स्पष्ट हैं, नीयत के सामने कोई सवालिया निशान नहीं है, लेकिन कुछ सच्चाइयों को हमें स्वीकार करना पड़ेगा। उसके समाधान के लिए मेरे प्रिय परिवारजनों, मैं आज लाल किले से आपकी मदद मांगने आया हूं। मैं लाल किले से आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। पिछले वर्षों में जो देश को मैंने समझा, परखा है, अनुभव के आधार पर मैं कह रहा हूं कि आज हमें गंभीरतापूर्वक उन्हें देखना होगा। 2047 में जब देश आजादी के सौ साल मनाएगा, उस समय दुनिया में भारत का तिरंगा, विकसित भारत का तिरंगा होना चाहिए।

 

इसे भी पढ़ें-  katni विश्व शांति दिवस पर केंद्रीय विद्यालय में विविध कार्यक्रम

चंद्रयान मिशन का नेतृत्व महिला वैज्ञानिक कर रही हैं
पीएम मोदी ने कहा कि एक चीज जो देश को आगे ले जाएगी वह है महिला नेतृत्व वाला विकास। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि नागरिक उड्डयन में सबसे ज्यादा पायलट भारत में हैं। चंद्रयान मिशन का नेतृत्व महिला वैज्ञानिक कर रही हैं। जी20 देश भी महिला नेतृत्व वाले विकास के महत्व को पहचान रहे हैं।

सीमावर्ती गांवों के 600 प्रधान समारोह में विशेष अतिथि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वाइब्रेंट बॉर्डर गांव को देश का आखिरी गांव कहा जाता था। हमने वह मानसिकता बदल दी। वह देश का आखिरी गांव नहीं हैं। आप सीमा पर जो देख सकते हैं वह मेरे देश का पहला गांव है। मुझे खुशी है कि इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि इन सीमावर्ती गांवों के 600 प्रधान हैं। वे यहां लाल किले पर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने आए हैं।
पीएम मोदी बोले- गांवों में महिलाएं उड़ाएंगी ड्रोन
लाल किले की प्रचीर से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बेटियों पर जुल्म न हो, यह हमारा सामाजिक और पारिवारिक दायित्व है। मैंने अभी एक देश का दौरा किया। वहां एक वरिष्ठ मंत्री ने मुझसे सवाल पूछा कि आपके यहां बेटियां विज्ञान और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करती हैं क्या? मैंने कहा कि आज मेरे देश में बेटियां बेटों से ज्यादा साइंस, इंजीनियरिंग, मैथ्स में भाग ले रही हैं। आज 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। गांव में जाएंगे तो बैंक वाली, आंगनवाड़ी, दवाई देने वाली दीदियां मिलेंगी। गांव में दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। हम नई योजना सोच रहे हैं। एग्री-टेक को बल मिले, इसलिए हम महिला स्वयं सहायता समूह को हम ड्रोन चलाने और ड्रोन की मरम्मत करने की ट्रेनिंग देगी। भारत सरकार उन्हें ड्रोन और ट्रेनिंग देगी। 15 हजार स्वयं सहायता समूहों के द्वारा हम ड्रोन की उड़ान का आरंभ कर रहे हैं।
घटना मणिपुर में होती है तो पीड़ा महाराष्ट्र में होती है
पीएम मोदी ने लाल किले से कहा कि मेरा-पराया के कारण देश के कुछ हिस्से प्रभावित रहे हैं। हमें क्षेत्रीय आकांक्षाओं को सम्मान देना है। अगर हमारे शरीर का कोई अंग अविकसित, दुर्बल रहे तो स्वस्थ नहीं माना जाएगा। भारत माता का कोई हिस्सा अविकसित है तो हम उसे स्वस्थ नहीं मान सकते। भारत लोकतंत्र की जननी है, विविधता से भरा हुआ है। अगर घटना मणिपुर में होती है तो पीड़ा महाराष्ट्र में होती है। अगर बाढ़ असम में आती है तो केरल बेचैन हो जाता है। जब आज हम अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को लाते हैं तो देश को गर्व होता है। जब कोई सिख भाई दुनिया में लंगर लगाता है तो देश का सीना चौड़ा हो जाता है।

 

इसे भी पढ़ें-  7th Pay Commission Da Hike: महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी जल्द! गणेश चतुर्थी व त्योहारों के बीच बढ़ सकता है मासिक वेतन