Site icon Yashbharat.com

मध्यप्रदेश में निगम–मंडल प्राधिकरण नियुक्तियों पर मुहर, जल्द आदेश संभव, कटनी KDA अध्यक्ष के लिए शशांक श्रीवास्तव दौड़ में आगे

shshank shriwastaw

shshank shriwastaw

भोपाल। कटनी विकास प्राधिकरण KDA अध्यक्ष के लिए पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव दौड़ में सबसे आगे हैं। दरअसल मध्यप्रदेश में लंबे समय से खाली पड़े निगम, मंडल, प्राधिकरण और आयोगों के पदों पर नियुक्तियों को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पार्टी स्तर पर नामों पर सहमति बनने के बाद सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम स्वीकृति के बाद एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी किए जा सकते हैं।

प्राधिकरणों में ये नाम आगे

भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) के लिए चेतन सिंह का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) में हरिनारायण यादव को जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि देवास में बहादुर मुकाती का नाम प्रमुखता से सामने है। जबलपुर विकास प्राधिकरण के लिए संदीप जैन की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। कटनी से शशांक श्रीवास्तव का नाम आगे है।

ग्वालियर–उज्जैन में अंतिम मंथन जारी

सूत्रों का कहना है कि भोपाल और इंदौर को लेकर सहमति बन चुकी है, लेकिन ग्वालियर और उज्जैन विकास प्राधिकरण के नामों पर अभी अंतिम चर्चा जारी है। उज्जैन के लिए नाम पहले ही दिल्ली भेजे जा चुके हैं और वहां से मंजूरी मिलने की खबर है, हालांकि आधिकारिक घोषणा बाकी है।

आयोग और निगमों में भी सहमति

अनुसूचित जाति आयोग के लिए कैलाश जाटव और अनुसूचित जनजाति आयोग में भात सिंह नेताम का नाम लगभग तय माना जा रहा है। युवा आयोग के लिए प्रवीण शर्मा का नाम आगे चल रहा है। वहीं, सहकारी क्षेत्र में महेंद्र सिंह यादव को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। लघु उद्योग निगम के लिए विनोद गोटिया का नाम चर्चा में है। मध्यप्रदेश हाउसिंग कॉर्पोरेशन में संजय नगाइच, कटनी विकास प्राधिकरण में शेषांक श्रीवास्तव और ओरछा विकास प्राधिकरण में अखिलेश अयाची के नामों पर सहमति बनती दिख रही है।

वित्त और खेल क्षेत्र में भी नियुक्तियां तय

वित्त विकास निगम के लिए पूर्व विधायक दीपक सक्सेना का नाम प्रमुख है, जबकि खेल प्राधिकरण में रामलाल रैतेल को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सभी नामों पर केंद्रीय स्तर पर हरी झंडी मिल चुकी है। अब केवल औपचारिक आदेश जारी होना बाकी है। माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह में नियुक्तियों की घोषणा के साथ ही इन संस्थाओं में कामकाज रफ्तार पकड़ लेगा।

Exit mobile version