
कटनी। माधवनगर में अमीरगंज तालाब सौंदर्यीकरण के नाम पर जमकर घालमेल हो रहा है। साथ ही तालाब का कुछ इस तरह सौंदर्यीकरण हो रहा है कि बरसात का बूंद पानी तालाब के अंदर नहीं जाएगा और ऐसा कुछ हुआ भी है। पिछले दिनों हुई बारिश का एक बाल्टी पानी तक तालाब में नहीं गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अमीरगंज में तालाब सौंदर्यीकरण के नाम पर केवल और केवल भारी भरकम राशि खर्च हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि अमीरगंज तालाब में 70 फीसदी बारिश का पानी बस्ती के अंदर एवं पूरे मेनरोड का पानी खेरमाई मंदिर से होते हुए संजय नगर पहुंच मार्ग से होकर तालाब में जाता है।
बताया जाता है कि तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य करने वाली ठेका कंपनी ने तालाब के चारों तरफ सड़क की ऊंचाई इतनी बढ़ा दी है कि पूरी बरसात निकलने के बावजूद तालाब में बारिश का पानी नहीं भर पाएगा। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम महापौर प्रीती संजीव सूरी व नगर निगम आयुक्त विनोद कुमार शुक्ला का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए तालाब का सही तरीके से सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है।








