थानों के प्रभार में बदलाव के साथ ही कई प्रधान आरक्षक व आरक्षक भी किए गए यहां से वहां, मीडिया को नहीं दी गई तबादला सूची, संबंधित पुलिसकर्मी को फोन पर दी जा रही तबादले की जानकारी

थानों के प्रभार में बदलाव के साथ ही कई प्रधान आरक्षक व आरक्षक भी किए गए यहां से वहां, मीडिया को नहीं दी गई तबादला सूची, संबंधित पुलिसकर्मी को फोन पर दी जा रही तबादले की जानकार

कटनी। प्रदेश स्तर से लेकर जिलास्तर तक तबादलों का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश स्तर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की तबादला सूची जारी होने के बाद जिलास्तर पर भी कुछ थानों के प्रभार में बदलाव किया गया है तो कई प्रधान आरक्षकों व आरक्षकों को यहां से वहां किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से तबादला सूची जारी करने में भी इस बार नया पैटर्न अपनाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर इस बार किसी प्रकार सूची मीडिया में जारी नहीं की गई तथा तबादले से प्रभावित प्रधान आरक्षकों को सीधे फोन लगाकर उनके तबादले की जानकारी देते हुए नवीन पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन करने के आदेश दिए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के द्धारा निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा के सेवानिवृत्ति के बाद खाली हुई कुठला थाना प्रभारी की कुर्सी कार्यवाहक निरीक्षक अखिलेश दाहिया को दी गई है। उल्लेखनीय है कि निरीक्षक अखिलेश दाहिया कुछ समय पूर्व बहोरीबंद के थाना प्रभारी थे तथा वसूली के एक प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीविश्वकर्मा ने उन्हे लाइन अटैच कर दिया था। इसके बाद से ही वो पुलिस लाइन में सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक के द्धारा विजयराघवगढ़ व ढीमरखेड़ा थानों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे को विजयराघवगढ़ का नया थाना प्रभारी बनाया गया है जबकि विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा को पुलिस लाइन में पदस्थ किया गया है। इसी तरह पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक महिमा रघुवंशी को ढीमरखेड़ा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थानों में पदस्थ कई प्रधान आरक्षकों व आरक्षकों के भी तबादले किए गए हैं लेकिन तबादला सूची मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई है। तबादले से प्रभावित कुछ प्रधान आरक्षकों व आरक्षकों ने बताया कि उन्हे फोन के माध्यम से तबादले की जानकारी दी गई है और तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल में ज्वाइन करने के आदेश दिए गए हैं।

Exit mobile version