katniLatest

संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का आरोप, ग्राम गुदरी से सैकड़ों ग्रामीणों के साथ परिजनों ने एसपी को शिकायत देकर की कार्रवाई की मांग

कटनी, (विवेक शुक्ला)। स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम गुदरी में बीते माह हुई एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर आज परिजन व सैकड़ों ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की नृशंस हत्या करने का आरोप लगाया और स्लीमनाबाद पुलिस पर मामले में लीपापोती करते हुए आरोपियों का साथ देने का भी आरोप लगाया।

परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन को शिकायत देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराते हुए आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र की प्रति यशभारत डाट काम को उपलब्ध कराते हुए ग्राम गुदरी निवासी शांति बाई पति स्वर्गीय खरेलाल आदिवासी ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व मेरे पुत्र फूलचंद आदिवासी को गांव के ही सोनू सोनी नामक युवक ने मारपीट की थी। जिसका प्रकरण न्यायालय में चल रहा है।

इसी प्रकरण को वापस लेने सोनू सोनी बहुत दिनों से मेरे पुत्र फूलचंद आदिवासी पर दबाव बना रहा, जब वह प्रकरण वापस लेने राजी नहीं हुआ तो बीती 20 जून 2024 को रात लगभग 11 बजे मोनू सोनी पिता ब्रजेश सोनी, आयुष सोनी पिता सुखचैन सोनी मेरे पुत्र फूलचंद को घर से बुला ले गए। बाद में मोनू ने अपने भाई सोनू को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने एक राय होकर मेरे पुत्र फूलचंद की बेरहमी से हत्या कर के एक गड्ढे में डाल दिया। जब सुबय हुई तब हमे पता चला की इन लोगों ने मेरे पुत्र फूलचंद्र की हत्या कर दी। जब हम लोग शिकायत लेकर स्लीमनाबाद थाने गए तो पुलिस ने अपने हिसाब से रिर्पोट लिख ली। जब मेरे पुत्र फूलचंद का शव थाने लेकर आए तो हम लोगों ने देखा कि मेरे पुत्र फूलचंद की एक आंख फूटी है, छाती की हड्डियां टुटी थी और गला सुजा हुआ था। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में आरोपियों का साथ देते हुए कोई कार्रवाई नहीं कि तथा हम लोगों से बोल दिया कि फूलचंद शराब के नशे में गड्ढे में गिरकर मर गया है। परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम