Site icon Yashbharat.com

Alirajpur News: अवैध शराब बिक्री के मामले में कांग्रेस नेता नारायण अरोड़ा को जेल भेजा

jail andhra

Alirajpur News: आलीराजपुर । अवैध शराब की बिक्री के मामले में चंद्रशेखर आजादनगर के कांग्रेस नेता नारायण अरोड़ा के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। हाल ही में अवैध शराब की तस्करी करते गिरफ्त में आए आरोपित ने पूछताछ में अरोड़ा का नाम कबूला है।

आजादनगर पुलिस थाना प्रभारी विजय देवड़ा ने बताया कि दो दिन पूर्व गांव रिंगोल में एक आरोपित को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह कमीशन पर कांग्रेस नेता अरोड़ा की अवैध शराब बेच रहा था। इसके बाद टीम ने आजादनगर में यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी के अनुसार अरोड़ा के खिलाफ पूर्व से छह से सात आपराधिक प्रकरण दर्ज है। लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े अरोड़ा का नगर में बड़ा कारोबार भी है।

कांग्रेस हुई खफा, कहा-भाजपा नेताओं के दबाव में झूठे केस दर्ज किए जा रहे

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कार्रवाई के बाद जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रशासन प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा नेताओं के दबाव में झूठे केस दर्ज करा रहा है। इससे निष्पक्ष चुनाव कराने के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से की जाएगी।

Exit mobile version