katniमध्यप्रदेश

जबलपुर में अजाक्स की संभागीय बैठक, कर्मचारी हितों के मुद्दों पर मंथन

जबलपुर में अजाक्स की संभागीय बैठक, कर्मचारी हितों के मुद्दों पर मंथ

कटनी। मध्यप्रदेश अजाक्स संघ की संभागीय बैठक 18 सितंबर को जबलपुर में प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तेकाम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पदोन्नति में आरक्षण, सीपीसीटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित अन्य मांगों को लेकर पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा ने कहा कि समाज के विकास के लिए अंबेडकर विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले जनप्रतिनिधियों को निर्वाचन के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने अनारक्षित सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। साथ ही फर्जीवाड़े के मामले में मुकेश मौर्य की गिरफ्तारी शीघ्र होने की बात भी कही।

इस अवसर पर अजाक्स संघ जिला शाखा कटनी की ओर से प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा का शाल, श्रीफल एवं बुके भेंट कर सम्मान किया गया। बैठक के बाद संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गोंडवाना चौक, रेलवे स्टेशन जबलपुर पहुंचकर अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में प्रांतीय संयुक्त सचिव सोहन लाल चौधरी, जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह धुर्वे, संभागीय सचिव अरविंद पेंड्रो सहित कटनी जिले के विभिन्न तहसील एवं ब्लॉक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button