विजयराघवगढ़ में तेंदुए का आतंक, मासूम के बाद अब पालतू मवेशियों को बनाया निशाना
Oplus_16908288
कटनी(YASH BHARAT.COM)। जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते हमलों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। पिछले दिनों एक मासूम बालक पर जानलेवा हमले के बाद अब तेंदुए ने रिहायशी इलाकों का रुख कर लिया है। ताजा घटना में तेंदुए ने एक घर में घुसकर भारी तबाही मचाई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम महगांव निवासी महिला किसान मीना बाई पंजाबी के घर के समीप बने बाड़े में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात तेंदुए ने धावा बोल दिया। तेंदुए ने वहां बंधे मवेशियों पर हमला करते हुए पांच बकरियों और तीन भैंसों को मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब मीना बाई मवेशियों को देखने पहुंचीं, तो सभी जानवर मृत अवस्था में मिले। एक साथ आठ मवेशियों के मारे जाने से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद से महगांव और आसपास के गांवों में जबरदस्त दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब सीधे घरों और बाड़ों तक पहुँच रहा है, जिससे घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।
पुरानी घटना का खौफ
उल्लेखनीय है कि इसी वन परिक्षेत्र के घुनौर ग्राम में 30 दिसंबर को इसी तेंदुए ने 10 वर्षीय बालक राज कोल पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
वन विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम महगांव पहुंची। अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया, जहाँ उन्हें तेंदुए के स्पष्ट पदचिह्न (Pugmarks) मिले हैं। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है और ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।