“स्वदेशी अपनाएँ, उद्यमिता बढ़ाएँ और रोजगार सृजन में भागीदार बनें युवा”,तिलक महाविद्यालय में स्वदेशी सप्ताह एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत उद्यमिता सम्मेलन संपन्न
कटनी। स्वदेशी सप्ताह एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत तिलक महाविद्यालय, कटनी में उद्यमिता सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। इसका उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता, स्वावलंबन एवं रोजगार सृजन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में आदरणीय माधुरी गर्ग जी, आदरणीय श्री वी.के. द्विवेदी जी, डॉ. जयप्रकाश अवस्थी जी, श्री अजय पुरोहित जी, , श्रीमती अंकिता गोस्वामी जी एवं श्री पुनर्वसु भट्टाचार्य जी की विशेष उपस्थिति एवं सहयोग रहा। श्रीमती माधुरी गर्ग जी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, वहीं डॉ. जयप्रकाश अवस्थी जी ने विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस प्रदान करते हुए भविष्य के अवसरों के प्रति जागरूक किया।
मुख्य वक्ता श्रीमती वंदना गेलानी प्रांत से महिला कार्य प्रमुख ने अपने उद्बोधन में कहा कि “स्वदेशी केवल खरीदने का विचार नहीं, बल्कि अपने देश की उत्पादन क्षमता को बढ़ाने का संकल्प भी है।” उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा एवं कौशल को पहचानने, आधुनिक तकनीक का सदुपयोग करने और नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर सृजित करने की सोच विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों एवं छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देकर युवा देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में अपने माता-पिता के व्यवसाय एवं उद्यम में सहयोग करने वाले सात विद्यार्थियों—ऋगेंद्र चौधरी, प्राची ठाकुर, साधना पटेल, साहिल रजक, अंजलि जायसवाल, हेमलता रजक एवं साहिल विश्वकर्मा—को सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों में श्रम के प्रति सम्मान, पारिवारिक जिम्मेदारी और उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
इस अवसर पर श्री श्रीयश मनवानी जी को युवा उद्यमिता के प्रेरणास्रोत एवं रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कम उम्र में अपना उद्यम स्थापित कर सीमित संसाधनों के साथ परिश्रम, रचनात्मकता और लगन से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी उद्यमशील यात्रा ने विद्यार्थियों को अपने कौशल और विचारों के बल पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का कुशल संचालन युवा प्रमुख श्री अंकित शुक्ला जी ने किया तथा अंत में उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए स्वदेशी, उद्यमिता एवं स्वावलंबन के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए तिलक महाविद्यालय की प्रबंधन समिति, प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय परिवार के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

