कटनी जिले के की प्रशासनिक हलचल कलेक्टर ने आदतन अपराधी राहुल पंचवानी को 5 माह तक पुलिस थाना में हाजिरी लगाने के निर्देश(खबरें और भी)
कलेक्टर श्री तिवारी ने गणतंत्र दिवस पर "भारत पर्व" के आयोजन हेतु अधिकारियों को सौंपे कार्य दायित्वनगर निगम ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से आयोजित होगा कार्यक्रम
कलेक्टर श्री तिवारी ने गणतंत्र दिवस पर “भारत पर्व” के आयोजन हेतु अधिकारियों को सौंपे कार्य दायित्वनगर निगम ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से आयोजित होगा कार्यक्रम
कटनी(YASH BHARAT.COM)। प्रतिवर्ष की भांति आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर पालिक निगम ऑडिटोरियम भवन कटनी में सायं 4 बजे से लोकतंत्र के लोक उत्सव “भारत पर्व” का आयोजन किया जाएगा।
“भारत पर्व” के आयोजन एवं स्थानीय व्यवस्थाओं हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को कार्य दायित्व सौंपे हैं।
जारी आदेश के अनुसार लोकतंत्र के लोक उत्सव “भारत पर्व” के सफल आयोजन व सम्पूर्ण व्यवस्थाओं हेतु नगर निगम उपायुक्त श्री शैलेष कुमार गुप्ता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन पर कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, लाइट, माइक, टेंट, बैठक व्यवस्था, स्वल्पाहार, पानी और अन्य सभी सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी होगी।
जबकि एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, तहसीलदार कटनी शहर श्री आशीष अग्रवाल और राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर पाठक को जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/लोकतंत्र सेनानियों और गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण पत्र वितरण करने तथा मंचासीन अतिथियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य सौंपा गया है।
इसी प्रकार डाइट व्याख्याता श्री राजेंद्र असाटी, दिगम्बर हायर सेकेंडरी स्कूल की पूर्व प्राचार्य श्रीमती सीमा जैन और आनंदम विभाग से श्री अनिल कांबले मंच संचालन करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा अपर कलेक्टर से अनुमोदित कराएंगे।
वहीं डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे, शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती चित्रा प्रभात, महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक परियोजना अधिकारी सुश्री वनश्री कुर्वेती और शासकीय तिलक महाविद्यालय की प्राध्यापक श्रीमती माधुरी गर्ग को स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन कर अनुमोदन के बाद प्रस्तुति कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेंद्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी और तहसीलदार कटनी नगर श्री आशीष अग्रवाल को जिले के बाहर से आने वाले कलाकारों के लिए समन्वय, रुकने, भोजन और वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
इसी प्रकार नगर पुलिस अधीक्षक कटनी एवं यातायात प्रभारी कटनी को कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था तथा आम जनता के लिए बस स्टैंड में पृथक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी और जिला श्रम अधिकारी श्री के.वी. मिश्रा स्मृति चिह्न/मोमेंटो की व्यवस्था और वितरण सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने आदतन अपराधी को 5 माह तक पुलिस थाना में उपस्थित होने के दिए निर्देश
कटनी / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने खैबर लाईन कटनी थाना माधवनगर निवासी राहुल पंचवानी पिता प्रेमचंद पंचवानी उम्र 31 वर्ष के विरूद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए आगामी 5 माह की अवधि तक प्रतिमाह की 1 और 16 तारीख को पुलिस थाना माधवनगर में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री तिवारी ने यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की है।
राहुल पंचवानी के विरूद्ध वर्ष 2018 से अब तक कुल 7 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। जिनमें आमजन के साथ अवैध वसूली करना, मारपीट करना, जान से मारने की धमकी देना, घर में घुसकर मारपीट करना जैसे अपराध शामिल है। पुलिस द्वारा राहुल के विरूद्ध कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। परंतु, आदतन अपराधी के आचरण-व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
राहुल पंचवानी द्वारा आपराधिक गतिविधियां निरंतर जारी रखने, आम जन के लिए आतंक का पर्याय बनने के कारण क्षेत्र में शांति एवं सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर पड़नें वाले प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री तिवारी ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदतन अपराधी के प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए आगामी 5 माह तक पुलिस थाना माधवनगर में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
साफ जलापूर्ति के लिए नगर निगम मुस्तैद, इंदौर की घटना के बाद नगर निगम को अलर्ट मोड में रहने कलेक्टर ने दिए निर्देश, दूषित जलापूर्ति की शिकायतों पर की जा रही त्वरित कार्रवाई, नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9351136230 जारी, विभिन्न वार्डों के 67 स्थलों से लिए गए पानी के सैंपल की गुणवत्ता पाई गई मानक अनुरूप
कटनी/ दूषित पेयजल के कारण इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई दुखद घटना के मद्देनजर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर नगर निगम द्वारा नागरिकों को साफ पेयजल उपलब्ध कराने और लीकेज एवं दूषित जल शिकायतों के निराकरण हेतु ठोस एवं गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। पानी की सैंपलिंग की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है। जिसका मोबाइल नंबर 9351136230 है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम की प्रतिदिन की जलापूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने तथा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।
बड़े पैमाने पर कार्य शुरू
कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम की जल प्रदाय शाखा पूरी सक्रियता से नगर के सभी वार्डों की पाइप लाइनों के निरीक्षण और संधारण व मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया है। निगमायुक्त पाइप लाइनों की लीकेज व जल आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं, ताकि शहरवासियों को हर हाल में साफ पेयजल की ही आपूर्ति सुनिश्चित हो। इस दौरान कही भी कमियां पाए जाने पर तत्काल ही आवश्यक सुधार का कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां पर सीवर कार्य के दौरान गंदे पानी या पाइप लाइन लीकेज की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। नगर निगम के अधिकारियों को दो टूक लहजे में हिदायत दी गई है कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वाटर सैंपलिंग हेतु 67नमूने संकलित
कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश के बाद स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने नगर निगम के जल विभाग द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों से पेयजल के सैंपल लेना शुरू किया गया है । जिसके तहत शनिवार को विभिन्न वार्डों से पानी के 25 सेंपल और रविवार को 42 सैंपल को मिलाकर कुल 67 सैंपलिंग की गई हैं। इनके जांच के बाद पानी के सभी नमूने मानक गुणवत्ता के पाये गये।
नगर निगम द्वारा पेयजल सप्लाई दूषित होने संबंधी शिकायतों पर भी पूरी संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्यवाही की जाकर आवश्यक सुधार कार्य कराये जा रहे हैं। जल प्रदाय शाखा की टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिये गये है। ताकि जनसामान्य को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 9351136230 जारी किया गया है। नागरिक गण फिल्टर प्लांट स्थित कार्यालय के इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर पेयजल संबंधी शिकायतों का शीघ्रता से निराकरण करा सकते है।
नागरिकों से आग्रह
नगर निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं से पाइप लाइन में लीकेज या दूषित पानी की समस्या हो , तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर पर पर सूचित करें।ताकि समय रहते आवश्यक सुधार किया जा सके।
*ईसीआई (भारत निर्वाचन) मीडिया अवॉर्ड-2025 के लिये प्रविष्टियाँ आमंत्रित*
7 जनवरी तक प्रविष्टियाँ होंगी जमा
कटनी / भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने वर्ष 2025 में “बेस्ट कैम्पेन ऑफ वोटर्स, एजुकेशन एण्ड अवेयरनेस” कार्यक्रम चलाने वाले मीडिया संस्थानों के लिये 4 श्रेणियों में पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक (टेलीविजन) मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक (रेडियो) मीडिया और ऑनलाइन (इंटरनेट)/सोशल मीडिया श्रेणी में वर्ष 2025 में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। प्रविष्टियाँ 7 जनवरी, 2026 तक आमंत्रित की गई हैं।
प्रविष्टियाँ श्री बृजेश कुमार, अंडर सेक्रेटरी (कम्युनिकेशन) निर्वाचन सदन, भारत निर्वाचन आयोग, अशोका रोड, नई दिल्ली-11000 या ई-मेल media-division@eci.gov.in पर भेजी जा सकती हैं।
शीतलहर से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियों एवं जनजागरूकता के लिए एडवाइजरी जारी, गर्म कपड़े पहनें, कई परतों में वस्त्र धारण करें,अनावश्यक यात्रा से बचें
कटनी /जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने मैदानी कर्मियों एवं आम नागरिकों को शीतलहर के लक्षण, बचाव उपाय तथा क्या करें और क्या न करें के संबंध में जागरूक करने और आवश्यक तैयरियां रखने के संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
उल्लेखनीय है कि कटनी जिले में माह दिसंबर एवं जनवरी के दौरान शीतलहर का प्रकोप प्रायः देखने को मिलता है। इस अवधि में कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस अथवा उससे भी कम दर्ज किया जाता है, जिससे जन-मानस के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। अत्यधिक ठंड के कारण हाइपोथर्मिया, फ्रॉस्टबाइट जैसी शीतजनित बीमारियाँ तथा विषम परिस्थितियों में मृत्यु की संभावना भी हो सकती है।
शीतलहर के दौरान विशेष रूप से 65 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चे, हृदय एवं श्वसन रोग से पीड़ित व्यक्ति, बेघर लोग, खुले स्थानों व निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिक, सड़क किनारे रहने वाले व्यक्ति एवं छोटे व्यवसायी अत्यधिक संवेदनशील होते हैं।
शीतलहर क्या है
शीतलहर एक मौसम संबंधी घटना है जिसमें न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट आती है, ठंडी हवाएँ चलती हैं तथा पाला या बर्फ जमने जैसी स्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं।
शीतलहर के दौरान क्या करें
स्थानीय रेडियो, टीवी एवं समाचार पत्रों के माध्यम से मौसम की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें। पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े पहनें तथा कई परतों में वस्त्र धारण करें। सिर, गर्दन, हाथ एवं पैरों को अच्छी तरह ढकें; टोपी, मफलर एवं मोज़े का प्रयोग करें। वॉटरप्रूफ जूतों का उपयोग करें। गर्म एवं तरल पेय पदार्थ (चाय, सूप आदि) लेते रहें तथा संतुलित आहार व विटामिन-सी युक्त फल-सब्जियों का सेवन करें। ठंडी हवा से बचें, यथासंभव घर के अंदर रहें एवं अनावश्यक यात्रा से बचें। बच्चों, बुजुर्गों, अकेले रहने वाले एवं असहाय व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। आवश्यक दवाइयों, ईंधन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का पूर्व भंडारण रखें। ठंड से प्रभावित होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और निकटस्थ अस्पताल से संपर्क करें।
क्या न करें (Don’ts)
अत्यधिक ठंड में खुले स्थानों पर अनावश्यक समय तक न रहें। गीले कपड़े पहनकर न रहें, तुरंत सूखे कपड़े पहनें। हाइपोथर्मिया से पीड़ित व्यक्ति को मादक पेय पदार्थ न दें। गंभीर ठंड के लक्षणों को नज़रअंदाज़ न करें।
हाइपोथर्मिया एवं फ्रॉस्टबाइट के लक्षण
तेज कंपकंपी, अत्यधिक थकान, भ्रम की स्थिति, बोलने में कठिनाई, नींद आना। हाथ-पैर की उंगलियों, कानों या नाक में सुन्नता, सफेद या पीला पड़ना। शिशुओं में ठंडी, लाल त्वचा एवं ऊर्जा की कमी। हाइपोथर्मिया एक चिकित्सकीय आपात स्थिति है। ऐसे में व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाकर सूखे कंबल से ढकें और शीघ्र अस्पताल पहुँचाएँ।
मौसम की जानकारी
नागरिक अद्यतन मौसम पूर्वानुमान एवं शीतलहर संबंधी चेतावनी रेडियो और टेलीविजन से प्राप्त कर सकते हैं।
अमानक, मिथ्याछाप और मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध हुई कार्यवाही, प्रतिष्ठान पर लगा 20 हजार का जुर्माना
कटनी /जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही का सिलसिला सतत रूप से जारी है। जिसमें प्रतिष्ठानों को सील करने, लाइसेंस व पंजीयन निलंबित करने सहित दांडिक कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम मे न्याय निर्णायक अधिकारी व अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री नीलांबर मिश्रा ने अमानक दूध और पनीर के विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही करते हुये प्रतिष्ठान संचालक पर 20 हजार रुपये का आर्थिक दण्ड लगाया गया है।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश में अर्जित अनुचित लाभ एवं उल्लंघन की पुनरावृत्ति को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्यवाही करते हुए श्री सोनेलाल यादव पिता श्री मुन्नालाल यादव फर्म आशू डेयरी, माधवनगर कटनी को अमानक एवं मिथ्याछाप दूध और पनीर का संग्रहण एवं विक्रय करने पर 20 हजार रूपये के आर्थिक दंड से दंडित किया गया है।
अनावेदक को अर्थदंड की राशि निर्धारित ट्रेजरी चालान के माध्यम से हैड क्रमांक 0210 चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य, 04- लोक स्वास्थ्य, 104- शुल्क एवं अर्थ दंड आदि (0754) खाद्य अपमिश्रण एवं औषधि नियंत्रण के अंतर्गत लाइसेंस फीस अर्थदंड आदि के खाते में 30 दिवस के भीतर जमा कर चालान की प्रति इस न्यायालय में जमा करने हेतु निर्देशित किया गया है। राशि जमा न करने की दशा में लोक धन शोध अधिनियम के तहत राशि की वसूली की जावेगी।








