शासकीय महाविद्यालयों की दुर्दशा पर अभाविप का प्रदेशव्यापी ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान,मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन

शासकीय महाविद्यालयों की दुर्दशा पर अभाविप का प्रदेशव्यापी ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान,मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
कटनी -शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आज “विद्यार्थी हुंकार अभियान” के अंतर्गत प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभाविप के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और शासकीय महाविद्यालयों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। उसी क्रम में आज कटनी जिले में भी सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा ।
अभाविप ने कहा कि प्रदेश के अनेक शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थी स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, व्यवस्थित कक्षाओं, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं, इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना कर रहे हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इन समस्याओं का तत्काल समाधान आवश्यक है।
अभाविप ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सरकार प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का तत्काल सर्वे कराते हुए ठोस आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे एवं उन व्यवस्थाओं को सुचारू किया जाए तथा जिन कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए।
महाकोशल प्रान्त मंत्री श्री सुव्रत बाझल जी ने कहा कि – अत्यंत चिंताजनक विषय है कि मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित कई शासकीय महाविद्यालय इस समय मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव और जर्जर अधोसंरचना से जूझ रहे हैं। देखने में आ रहा है कि प्रदेश के अधिकांश महाविद्यालयों में बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है या गायब है जिस कारण परिसर यह असामाजिक तत्वों का गढ़ बन रहे हैं, जिसका ताजा उदाहरण अभाविप द्वारा भोपाल के एम.वी.एम महाविद्यालय में चलाए गए स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में मिली शराब की बोतलें हैं । अधिकांश महाविद्यालयों की विवेकानंद के करियर गाइडेंस सेल ठप पड़ी हुई है , कैंटीन बंद है और पुस्तकालय यह पठन सामग्री के अभाव से जूझ रहे हैं । प्रदेश भर के कई महाविद्यालयों में कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं पर्याप्त संसाधनों एवं उपकरणों की कमी के कारण उनकी स्थिति दयनीय है। साथ ही साथ विद्यार्थी सहायता केंद्र सक्रिय न होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं हेतु घंटों परेशान होना पड़ता है । अतः सरकार हमारी मांगों को स्वीकार करते हुए त्वरित निराकरण करे ताकि सुदृढ़ शैक्षणिक एवं इंस्टीट्यूशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर के कारण प्रदेश का छात्र समुदाय बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अध्ययन कर सके।
अभाविप कटनी ने कहा कि कटनी के सभी महाविद्यालय अपने मूलभूत सुविधाओं के आसार में बैठे हैं,कही पानी,शौचालय तो कही भवन ही नहीं है। कही प्रोफेसरों की तो कही पुस्तकों की कमी है।
ऐसे जरूर व्यवस्थाओं के अभाव में छात्रों के भविष्य कैसे संवारेंगे महाविद्यालय।
अभाविप छात्रों के हर समस्याओं के लिए लड़ने को तैयार है।
एबीवीपी की मांग है कि छात्रों के नेतृत्व को विकसित करने के लिए छात्रसंघ चुनाव भी यथाशीघ्र एवं प्रत्यक्ष प्रणाली से संपन्न कराए जाये।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह विद्यार्थी हुंकार अभियान इस प्रदर्शन से प्रारंभ हुआ है । आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक माध्यमों से मांगों के पूर्ण होने तक अभाविप का यह अभियान जारी रहेगा ।








