Site icon Yashbharat.com

AAP के 9 और प्रत्याशी घोषित, आलोक अग्रवाल भोपाल दक्षिण-पश्चिम से लड़ेंगे

images 15

भोपाल। आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए चौथी सूची जारी की है। इसमें नौ प्रत्याशी शामिल हैं। पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल को बनाया गया है। उन्हें भोपाल दक्षिण पश्चिम सीट से प्रत्याशी बनाया है। आप के अब तक 70 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं।

आप के राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता ने पत्रकारवार्ता में अग्रवाल सहित नौ प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से रीना सक्सेना, बैतूल के भैंसदेही से सुनील कुमार कवड़े, मल्हारगढ़ से तुलसीराम मेघवाल, सिरमोर से प्रमोद प्यासी, देवसर से सुभाष वर्मा, अटेर से अशोक सिंह भदौरिया, थांदला से रालिया राठौर और गरोठ से दुलेर सिंह सोलंकी को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी अब पांचवीं सूची जबलपुर में 18 अगस्त को जारी करेगी।

 गौरतलब है कि आप ने भोपाल में 26 जून को पहली सूची जारी की गई थी, जिसमें 19 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। ग्वालियर में जारी दूसरी सूची में 20, छतरपुर में तीसरी सूची में 22 प्रत्याशियों का पार्टी ने एलान किया था। पत्रकारवार्ता में गुप्ता ने कहा कि मप्र में आप सभी 230 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि प्रदेश के आम नागरिक की रोजी, रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली की व्यवस्था की जाए। विधानसभा चुनाव में इसको लेकर ही आम मतदाता के पास जाएगी।
Exit mobile version