खाटूश्यामजी जा रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस नाले में गिरी, MP के 8 लोगों की मौत, 17 घायल
भोपाल। मध्य प्रदेश से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार सुबह राजस्थान के कोटा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 25 से अधिक यात्रियों से भरी एक मिनी बस (टेम्पो ट्रैवलर) अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में मध्य प्रदेश के 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।खाटूश्यामजी जा रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस नाले में गिरी, MP के 8 लोगों की मौत, 17 घायल
मिली जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र (ग्राम घाट बिरोली व अन्य स्थान) के निवासी बताए जा रहे हैं।
तड़के 6 बजे हुआ हादसा, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कराड़िया टोल के पास हुई। वाहन भोपाल से खाटूश्यामजी की ओर जा रहा था। सुबह तड़के अंधेरा होने के बावजूद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गाड़ी के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। कई शव और घायल सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
17 घायल कोटा अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल सभी 17 यात्रियों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेसुध घायलों को तुरंत सीपीआर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकतर यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।
चालक को झपकी आने की आशंका
सिमलिया थाना पुलिस के अनुसार, प्राथमिक दृष्टि में हादसा तड़के ड्राइवर को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होने से हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

