कटनी(YASHBHARAT.COM)। झिझरी स्थित दद्दा धाम में बीते 9 नवंबर से चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के आज चौथे दिन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत आगमन हुआ। झिझरी के होमगार्ड मैदान पर बने हेलीपेड पर पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद व्ही डी शर्मा, पूर्वमंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने सभी का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का काफिला सीधे दद्दा धाम प्राण प्रतिष्ठा समारोह स्थल पहुंचा। मुख्यमंत्री श्री यादव अतिथियों सहित सबसे पहले परम पूज्य गृहस्थ संत पंडित देव प्रभाकर शास्त्री(दद्दाजी) की समाधि स्थल पहुंचे और माथा टेक कर दद्दाजी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी अतिथि दद्दा जी के नवनिर्मित मंदिर पहुंचे, जहां सभी ने वैदिक मंत्रों के साथ दद्दाजी की पूजा अर्चना की। मंदिर में दद्दा जी के दर्शन करने के बाद सभी अतिथि कथा स्थल पहुंचे। कथा व्यास पर पहले से सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित इंद्रेश उपाध्याय जी महराज, पंडित अनिरुद्धाचार्य जी महराज, पंडित मोहित सगन गोस्वामी जी महराज विराजमान थे।
कथा व्यास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद व्ही डी शर्मा, पूर्वमंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक व फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा के आते ही कथा स्थल तालियों की गड़बड़ा हट से गुंज उठा। कथा व्यास से दद्दाजी के परम प्रभावक शिष्य पूर्वमंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पधारने पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री यादव को संबोधित करने आमंत्रित किया। कथा स्थल के कथा व्यास से उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पहले तो परम पूज्य दद्दाजी के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि शिरडी और दूसरे तीर्थ स्थलों की तरह कटनी का दद्दा धाम प्रसिद्ध हो इसके प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री यादव ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं में हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों पर भी एक प्रतियोगिता पूरे प्रदेश में आयोजित करने जा रही है और इसकी शुरुआत प्रमुख हिन्दू धर्म के मुख्य धर्मग्रंथ श्रीमद भागवत गीता से की जा रही है। आने वाले समय में पूरे प्रदेश में श्रीमद भागवत गीता पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इससे युवाओं में अपने धर्म ग्रंथों को जानने का अवसर मिलेगा। इस अवसर बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन सोनी, सुनील उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, दद्दा शिष्य मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रदेश के युवाओं को धर्म ग्रंथों से जोड़ने श्रीमद भागवत गीता पर आयोजित होगी प्रतियोगिता, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के कथा व्यास से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की घोषणा
