Site icon Yashbharat.com

हवा में 8 घंटे, फिर भी मंजिल नहीं: एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी

indigo airline

नई दिल्ली।हवा में 8 घंटे, फिर भी मंजिल नहीं: एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी। एअर इंडिया की एक बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है, जिसमें दिल्ली से वैंकूवर जा रही फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। कारण यह था कि एयरलाइन ने गलती से ऐसा विमान भेज दिया, जिसे कनाडा में उतरने की अनुमति ही नहीं थी।

हवा में 8 घंटे, फिर भी मंजिल नहीं: एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट AI185 20 मार्च को सुबह 11:34 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। शुरुआत में उड़ान सामान्य रही, लेकिन करीब चार घंटे बाद जब विमान चीन के कुनमिंग के पास पहुंचा, तब एयरलाइन को एहसास हुआ कि इस विमान को कनाडा में ऑपरेट करने की मंजूरी नहीं है।

इसके बाद विमान को तुरंत वापस दिल्ली लौटने का निर्देश दिया गया। वापसी के दौरान यह फ्लाइट करीब 7 घंटे 54 मिनट तक हवा में रही और अंततः वहीं उतरी, जहां से उसने उड़ान भरी थी। इस पूरी यात्रा में यात्रियों को लगभग 8 घंटे तक बिना मंजिल के सफर करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि इस रूट पर फिलहाल एयरलाइन को केवल बोइंग 777-300ER विमान उड़ाने की मंजूरी है, जबकि इस उड़ान में बोइंग 777-200LR को भेज दिया गया था। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विमान संचालन की मंजूरी अलग-अलग देशों के नियमों के आधार पर दी जाती है, जिसका पालन करना अनिवार्य होता है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी यात्री या क्रू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित वापस दिल्ली लौट आए।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब एयरलाइन पहले से ही तकनीकी खामियों को लेकर सवालों के घेरे में है। अब इस नई चूक ने एयर इंडिया के संचालन और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version