Site icon Yashbharat.com

दिल्ली की रैली में अनुपस्थित रहने पर मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के 60 पदाधिकारी निलंबित, कटनी से अंशु मिश्रा का नाम भी शामिल

file 000000008dfc8207917adf5133a77c2f

भोपाल(YASHBHARAT.COM)। मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में अनुपस्थित रहने के चलते भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के नेतृत्व ने मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं। निलंबित किए गए पदाधिकारियों की सूची में कटनी के दिव्यांशु मिश्रा(अंशु) का नाम भी शामिल है।

भारतीय युवा कांग्रेस के लेटरहेड पर 3 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। आदेश पर मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के प्रभारी एवं भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव शिवि सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव भी कार्रवाई की जद में

जारी सूची के अनुसार पांच प्रदेश उपाध्यक्ष, 14 प्रदेश महासचिव और 32 प्रदेश सचिवों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा नौ जिलों के जिलाध्यक्षों के नाम भी सूची में शामिल हैं। इस तरह कुल 60 पदाधिकारियों पर संगठन की ओर से कार्रवाई की गई है। कटनी जिले से अंशु मिश्रा का नाम सूची में क्रमांक 32 पर दर्ज है। आदेश में उनका पद सचिव (Secretary) दर्शाया गया है।

दिल्ली में 1 नवंबर को हुई थी रैली

गौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की गई थी। इसमें कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाया था। इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस की ओर से भी देशभर के पदाधिकारियों को शामिल होने का आह्वान किया गया था। फिलहाल जारी आदेश के मुताबिक सभी संबंधित पदाधिकारियों का निलंबन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगा। इस कार्रवाई के बाद मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के संगठनात्मक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि निलंबित पदाधिकारियों की ओर से इस संबंध में क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Exit mobile version