कटनी(YASHBHARAT.COM)। प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को पुलिस मुख्यालय के पुलिस ऑफिसर्स मेस में डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल(डीजीसीआर) अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले 56 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र और डिस्क देकर सम्मानित किया। यह अवार्ड पाने वाले पुलिस अधिकारियों में कटनी में पदस्थ रहीं कार्यवाहक निरीक्षक मंजू शर्मा भी शामिल रहीं। गौरतलब है कि मंजू शर्मा का कुछ समय पूर्व ही कटनी से तबादला हुआ तथा वो वर्तमान में संभागीय मुख्यालय जबलपुर में पदस्थ हैं। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 2002 से अभी तक 971 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर डीजीपी मकवाणा ने कहा कि मैं सभी पुलिसकर्मियों के त्याग और लगनशीलता की सराहना करता हूं। पुलिस विभाग ने अपनी स्थापना से अब तक की गौरवमयी यात्रा में प्रदेश में कानून व व्यवस्था, शांति, आपसी प्रेम, भाईचारे की परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। जांबाज अधिकारियों और कर्मचारी की अहम भूमिका रही है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी देशभक्ति-जनसेवा के सूत्रवाक्य को अपनाते हुए तत्परता से कार्य कर रहे हैं। अच्छा कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन कर उन्हें सम्मानित और प्रोत्साहित करना आवश्यक है। पुरस्कार को पाने वाले पुलिसकर्मीयों ने उत्कृष्टता की मिसाल पेश की है।

