नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद शनिवार को राहुल गांधी अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने जीतकर आए 52 सांसदों में ऊर्जा भरते हुए कहा कि सभी को आक्रामक बने रहना होगा। संसदीय दल की बैठक में संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि सभी 52 सांसद इंच-इंच की लड़ाई लड़ेंगे। इसके पूर्व संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी को एक बार फिर संसदीय दल का नेता चुना गया। लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी हार के बाद कांग्रेस में मायूसी है, ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही पदाधिकारियों में नई ऊर्जा भरना भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनौती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने राहुल गांधी की तारीफ की और कहा कि राहुल ने आक्रामकता से चुनाव लड़ा। उन्होंने राहुल को दूरदर्शी नेता भी बताया।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश भी की थी, हालांकि कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में राहुल गांधी के इस्तीफे को नामंजूर कर दिया गया था।
बता दें कि 543 सदस्यों वाली लोकसभा में कांग्रेस के 52 सांसद हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के लिए 55 सदस्यों की जरूरत होती है। ऐसे में पिछली बार की तरह ही इस बार भी कांग्रेस के पास इस पद के लिए पर्याप्त सांसद नहीं हैं।ऐसे में फिलहाल यही संशय है कि कांग्रेस से विपक्ष का नेता बन पाएगा या नहीं?

