50 मिनट तक किम-ट्रंप ने की वन-टू-वन मुलाकात

सिंगापुर। जिस महामुलाकात का इंतजार पिछले कई दिनों से दुनिया कर रही है वो सिंगापुर में जारी है। इसके पहले दौर की मुलाकात पूरी होने के बाद अब दूसरा दौर जारी है और इसमें दोनों ही नेता अब अपने अधिकारियों के साथ डेलिगेशन स्तर की बातचीत कर रहे हैं।

इससे पहले हुए मुलाकात के बाद मेरिकी राष्टपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह बातचीत अच्छी रही। दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों की शुरुआत है। यह मुलाकात 50 मिनट तक चली।

इससे पहले आज सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन सिंगापुर के सेंटोसा आइलैंड पर स्थित कैपेला होटल में मिले। पहली मुलाकात में दोनों ने हाथ मिलाया और इस दौरान किम और ट्रंप के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान भी हुआ।

पहली बार हाथ मिलाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह बेहद शानदार है और अच्छी बातचीत के दम पर दोनों देशों के बीच संबंध बेहतरीन होंगे। वहीं किम ने कहा कि यह मुलाकात इतनी आसान नहीं थी। बीच में कई अड़चनें आईं लेकिन हम उनसे उबरते हुए यहां मिल रहे हैं।

मालूम हो, दोनों नेता रविवार को ही सिंगापुर पहुंच चुके हैं। 1950-53 के कोरियाई युद्ध के बाद से दोनों देशों के शासनाध्यक्षों की यह पहली मुलाकात है। इस बीच दोनों राष्ट्र प्रमुखों ने फोन पर भी बात नहीं की है।

बात नहीं बनी तो कड़े कदम

अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने कहा कि किम को अपने देश में शांति और समृद्धि लाने का ऐसा मौका मिला है। कूटनीतिक तरीके से समस्या का समाधान नहीं निकला तो फिर प्रतिबंध और कड़े किए जाएंगे।

वार्ता का उद्देश्य

बातचीत का उद्देश्य उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार के जखीरे के कारण ट्रंप और किम के बीच बनी खाई को पाटना है। उत्तर कोरिया की परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल महत्वाकांक्षा ने दुनिया की पेशानी पर बल डाल रखा है।

मुख्य भूमिका निभा रहे भारतीय मूल के दो मंत्री

सिंगापुर में भारतीय मूल के दो मंत्री विवियन बालकृष्णन और के. षणमुगम वार्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सिंगापुर के विदेश मंत्री 57 वर्षीय बालकृष्णन ने हाल के दिनों में वॉशिंगटन, प्योंगयांग और बीजिंग की यात्राएं की हैं। वह सत्तारूढ़ पीपुल्स एक्शन पार्टी से हैं। षणमुगम कानून एवं गृह मामलों के सिंगापुर के मंत्री हैं।

खाने में पुलाव, चिकन करी भी

शिखर वार्ता को कवर करने दुनियाभर से करीब 3000 पत्रकार सिंगापुर पहुंचे हैं। उनके लिए 45 व्यंजन तैयार किए गए हैं, जिनमें मशहूर भारतीय व्यंजन पुलाव और चिकन करी भी शामिल हैं। स्थानीय एवं अन्य देशों के पत्रकारों को ध्यान में रखकर व्यंजन सूची तैयार की गई है। पुलाव, चिकन करी, चिकन कोरमा, दाल और पापड़ जैसे भारतीय व्यंजन “एफ1 पिट बिल्डिंग” में परोसे जाएंगे। “एफ1 पिट बिल्डिंग” शिखर वार्ता का आधिकारिक मीडिया केंद्र है। पत्रकारों को सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम, थाईलैंड, कोरिया प्रायद्वीप, अमेरिका, फ्रांस समेत कई अन्य देशों के व्यंजन भी परोसे जाएंगे।

Exit mobile version