Site icon Yashbharat.com

under-19-world-cup-india-vs-pakistan; आज महामुकाबला 7वीं बार फाइनल में पहुंचने उतरेगा भारत, सामने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान

03 02 2020 india vs pakistan u19 world cup semi 19996517

साउथ अफ्रिका। 4 बार की चैम्पियन भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में मंगलवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलेगी तो उसका लक्ष्य लगातार तीसरे फाइनल में प्रवेश का होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल तक की राह में अपराजेय रही है। भारत ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को और पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को हराया।
पाकिस्तान के कप्तान रोहेल नजीर ने इस मैच को लेकर बनी हाइप को ज्यादा तूल देने से इनकार किया, लेकिन यह हकीकत है कि टूर्नामेंट में यह सबसे ज्यादा दबाव वाला मैच होगा। इसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों की असल परीक्षा होगी। इस मैच में अच्छा खेलने से कोई रातोंरात स्टार बन जाएगा और खराब खेलने पर खलनायक भी।

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हुरैरा ने अफगानिस्तान पर मिली जीत के बाद कहा था, ‘यह काफी दबाव वाला मैच है और इसे लेकर काफी हाइप है। हम इसे आम मैच की तरह लेंगे और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।’

सीनियर की तरह ही भारतीय जूनियर टीम का पाकिस्तान पर पलड़ा भारी है। भारत ने पिछले साल सितंबर में उसे एशिया कप में भी हराया था। अंडर 19 विश्व कप में गत चैम्पियन भारत ने 2018 विश्व कप में पाकिस्तान को 203 रन से मात दी थी। वैसे क्रिकेट में इतिहास मायने नहीं रखता और प्रियम गर्ग की कप्तानी वाली टीम को पाकिस्तान पर जीत दर्ज करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भारतीय बल्लेबाजी की धुरी रहे हैं, जिन्होंने चार मैचों में तीन अर्धशतक लगाए। बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा। अगर क्वार्टर फाइनल में निचले क्रम के बल्लेबाज नहीं चलते तो नतीजा कुछ और भी हो सकता था।

तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने भी उम्दा प्रदर्शन किया था। अथर्व अंकोलेकर और फार्म में चल रहे लेग स्पिनर रवि विश्नोई ने सातवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की जिसकी बदौलत भारत ने जीत दर्ज की। पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों अब्बास अफरीदी, मोहम्मद आमिर खान और ताहिर हुसैन को खेलना भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। सलामी बल्लेबाज हुरैरा ने पिछले मैच में 64 रन बनाकर पाकिस्तान की जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई।

Exit mobile version