Site icon Yashbharat.com

नरसिंहपुर: दीपावली की रात एनपी प्रजापति के घर कार-बाइक में आग, फायर ब्रिगेड 40 मिनट देर से पहुंचने का आरोप

एनपी प्रजापति के नरसिंहपुर स्थित घर के पोर्च में आग से जली कार और बाइकें

नरसिंहपुर। दीपावली की रात जिला मुख्यालय के इंदिरा वार्ड में इतवारा बाजार के पास पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एनपी प्रजापति के पैतृक निवास पर अफरा-तफरी मच गई। उनके पोर्च में खड़ी कार और दो बाइकों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। अगले दिन सोमवार को एनपी प्रजापति ने पत्रकारवार्ता में नगर पालिका और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए।

एनपी प्रजापति के घर कैसे लगी आग

शाम करीब छह बजे बिजली गुल होने के बाद सड़क की ओर पोर्च के गेट पर खड़ी कार के पिछले टायर के पास कोई जला हुआ कंबल फेंक गया। इससे टायर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार और दो बाइकों को चपेट में ले लिया।

गनीमत रही कि पोर्च की पक्की छत और चारों तरफ दीवार होने से आग ज्यादा नहीं फैली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के काफी देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

नरसिंहपुर फायर ब्रिगेड 40 मिनट देरी से पहुंची: प्रजापति

एनपी प्रजापति ने कहा कि दीपावली जैसे बड़े पर्व पर नरसिंहपुर सहित पूरे प्रदेश में प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता सामने आई, जिससे जन-धन की सुरक्षा दांव पर लगी रही। उन्होंने बताया कि तत्काल सूचना देने के बावजूद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड करीब 40 मिनट देरी से पहुंची, जबकि घटनास्थल नगर पालिका कार्यालय से सिर्फ पांच से सात मिनट की दूरी पर है।

उनका आरोप है कि पहली गाड़ी में पर्याप्त पानी नहीं था। दूसरी गाड़ी के कर्मचारी पंप चलाने की तकनीक से भी परिचित नहीं थे। एक गाड़ी में पानी की कमी थी, तो दूसरी में प्रेशर नहीं बन पा रहा था। बिजली बंद होने से घर के मोटर पंप का भी उपयोग नहीं हो सका।

सीएमओ की छुट्टी और फायर टैक्स पर सवाल

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने पूछा कि दीपावली जैसे अहम पर्व पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अवकाश पर थे, तो व्यवस्थाएं किसके भरोसे छोड़ी गईं और उन्हें छुट्टी किसने दी।

उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टैक्स में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है, जिसमें फायर टैक्स भी शामिल है। उनका सवाल था कि जब सुरक्षा के नाम पर भारी टैक्स लिया जा रहा है, तो आपातकाल में इतनी लचर व्यवस्था क्यों दिखी।

शहर की सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर एनपी प्रजापति की चिंता

एनपी प्रजापति ने शहर की सीमाएं बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब मौजूदा शहरी क्षेत्र की व्यवस्थाएं ही नहीं संभल रहीं, तो सात-आठ किलोमीटर तक सीमाएं बढ़ने के बाद सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

Exit mobile version