CGPSC में 21वीं रैंक और शतरंज की नेशनल खिलाड़ी से जेल तक का सफर: 1.5 लाख की रिश्वत लेते पकड़ी गईं सहायक आयुक्त अंचला गिरी निलंबित, पुराना मॉक इंटरव्यू वायरल
रायपुर/कांकेर। बचपन में कलेक्टर बंगले के पास रहकर अधिकारी बनने का सपना देखने वाली और सीजीपीएससी (CGPSC) में 21वीं रैंक हासिल करने वाली राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी अब रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं। कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। अदालत से जमानत खारिज होने के बाद अंचला और बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले सीए इमरान मेमन को जेल भेज दिया गया है।
नाली में फेंक दिए थे रिश्वत के नोट
एसीबी के मुताबिक, अंचला गिरी पर तीन लाख रुपये मूल्य के कबाड़ (स्क्रैप) से भरे एक वाहन को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। सौदा तय होने के बाद जब एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर छापा मारा, तो पकड़े जाने के डर से उन्होंने डेढ़ लाख रुपये की नकदी पास की नाली में फेंक दी थी, जिसे टीम ने मौके से बरामद कर लिया। इस डील में मध्यस्थता करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त परिवार से अफसर बनने तक का सफर, पुराना इंटरव्यू वायरल
गिरफ्तारी के बाद अंचला गिरी का एक पुराना मॉक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अंबिकापुर की रहने वाली अंचला बेहद सामान्य परिवार से आती हैं; उनके पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक हैं और मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि घर कलेक्टर बंगले के पास होने के कारण बचपन से अधिकारियों की गाड़ियां देखकर उनके मन में अफसर बनने की प्रेरणा जगी। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से स्नातक और कलिंगा विश्वविद्यालय से गणित में स्नातकोत्तर करने वाली अंचला शतरंज की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। उन्होंने सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल की थी।

