Sunday, May 10, 2026
Latest:
Sportsआईपीएल 2018क्रिकेटखेलराष्ट्रीय

2019 में धोनी BJP के टिकट पर चुनाव लड़ने की खबर वायरल !

रांची। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मिस्टर कूल महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने फॉर्म को वापस पाने में लगे हैं। 2019 विश्वकप से पहले खेले जाने वाले मैचों में उनके गेम पर सभी की नजरें रहेंगी। लेकिन जहां माही मैदान में व्यस्त है वहीं मैदान के बाहर उन्हें लेकर कई तरह की खबरें चल रही हैं। इनमें से एक खबर यह है कि माही अगले लोकसभा चुनाव में मैदान संभाल सकते हैं। आलम यह है कि मीडिया में यह खबर तेजी से वायरल हो रही है।

धोनी के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में गर्म है। कहां से चुनाव लड़ेंगे इसके भी अलग-अलग कयास हैं। हालांकि, धोने के चुनाव लड़ने को लेकर स्टेट भाजपा को कोई सूचना नहीं है और ना ही धोनी की तरफ से इसे लेकर कोई बयान है।

मीडिया में तेजी से वायरल हो रही इस खबर को लेकर धोनी के करीबी लोगों का मानना है कि अभी उनका राजनीति में आने की बात कहना जल्दबाजी होगी। माही के करीबी लोगों का कहना है कि अभी माही का पूरा ध्यान विश्वकप पर है। उसके बाद वह क्या निर्णय लेंगे, यह अभी बताया नहीं जा सकता।

इधर, प्रदेश भाजपा को भी इस बारे में कोई खबर नहीं है। खबरों के अनुसार दावा तो यह तक किया जा रहा है कि धोनी के साथ साथ गौतम गंभीर भी भाजपा के पाले में आ रहे हैं। इसके अनुसार कहा जा रहा है कि गौतम गंभीर दिल्ली से व धोनी झारखंड की किसी भी सीट से संसदीय चुनाव में उतर सकते हैं। इसके साथ ही भाजपा ने दोनों क्रिकेटरों को चुनाव में स्टार प्रचारक की सूची में रखने का निर्णय लिया है।

विश्व कप के पहले राजनीति नहीं

रांची विवि के पूर्व खेल निदेशक व धोनी के करीबी माने जाने वाले जय कुमार सिन्हा ने बताया कि वेस्टइंडीज सीरीज खेलने जाने से पहले माही ने स्पष्ट कहा था कि अभी उसका पूरा ध्यान विश्व कप पर है। इसके अलावा वह अन्य किसी भी चीज के संबंध में नहीं सोच रहे हैं। माही रांची प्रवास के दौरान जय कुमार सिन्हा के साथ अक्सर बिलियड्स खेलते हैं।

जय ने कहा कि क्रिकेट के बाद भी वह राजनीति में आएगा यह कहना जल्दबाजी होगी। क्रिकेट उसका पहला प्यार है और क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उसके लिए कोच, कमेंटेटर, चयनकर्ता बनने का रास्ता खुला है। क्रिकेट प्रशिक्षक चंचल भट्टाचार्य ने भी कहा कि अभी उसका लक्ष्य 2019 विश्व कप है। विश्व कप के बाद वह क्या करेगा इसका निर्णय भी वही लेगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply