जिले के 13 थानों को मिला आईएसओ अवार्ड, भोपाल से आई टीम की मौजूदगी में आईजी ने थाना प्रभारियों को वितरित किए सर्टिफिकेट, एनकेजे थाने में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जिले के 13 थानों को मिला आईएसओ अवार्ड, भोपाल से आई टीम की मौजूदगी में आईजी ने थाना प्रभारियों को वितरित किए सर्टिफिकेट, एनकेजे थाने में आयोजित हुआ कार्यक्र
कटनी(YASHBHARAT.COM)। जबलपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा व आइसो भोपाल टीम के अधिकारियों की मौजूदगी में आज कटनी जिले के 13 पुलिस थानों एवं तीन पुलिस कार्यालय को आईएसओ सर्टिफिकेट का वितरण किया गया। एनकेजे थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी 13 थानों के थाना प्रभारियों को आईएसओ सर्टिफिकेट का वितरित किए गए। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा ने आईएसओ अवार्डेड एनकेजे थाने का फीता काटकर लोकापर्ण किया और फिर कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जबलपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा उपस्थित रहे जबकि मंच पर अन्य अतिथियों के रूप में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मण्डल अधिकारी गर्वित गंगवार, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसया, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धारवे, डीएसपी रत्नेश मिश्रा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा मंचासीन अन्य अतिथियों का भी अभिनन्दन किया गया। इसके उपरांत आईएसओ कंसल्टेंट योगेंद्र दिवेदी ने आईएसओ सर्टिफिकेट के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आज कटनी जिले के 13 थाने और तीन पुलिस कार्यालयों को आईएसओ अवार्ड दिया जा रहा है। कार्यक्रम में एक डाक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण किया गया और पत्रिका का विमोचन किया गया।
थानों का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे आईजी
जबलपुर से रवाना होने और कार्यक्रम में पहुंचने के पूर्व जबलपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा ने स्लीमनाबाद थाने, यातायात, कोतवाली, माधवनगर, कुठला व एनकेजे थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण करते हुए आईजी ने थानों में व्यवस्थाओं को देखा और कमी पाए जाने पर थाना प्रभारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
इन थानों को मिला आइएसओ अवार्ड
आज जिले के जिन 13 थानों को आईएसओ अवार्ड दिया गया है। उसमे कोतवाली, कुठला, माधवनगर, एनकेजे, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, उमरियापान, बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा, बड़वारा, विजयराघवगढ़, बरही व यातायात थाना शामिल है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीओपी स्लीमनाबाद, एसडीओपी विजयराघवगढ़ कार्यालय को भी यह अवार्ड दिया गया है।