Site icon Yashbharat.com

11 लोगों की आत्महत्या: नई डायरी के पन्नों ने खोला प्रेम का राज !

priyanka burari 09 07 2018

नई दिल्ली। बुराड़ी के संत नगर में भाटिया परिवार के 11 लोगों की मौत के मामले में पुलिस को एक नई डायरी हाथ लगी है। यह ललित की भांजी प्रियंका की निजी डायरी है, जिसके पन्नों ने मौत की गुत्थी को और उलझा दिया है। पुलिस द्वारा की गई जांच में अब तंत्र-मंत्र और आत्मा से इतर प्रेम प्रसंग का नया पहलू सामने आया है।

डायरी के कवर पेज पर सुंदर लड़की लिखा है और यह पेज दिल के आकार में कटा है। कटे हुए दिल के आकार को सिल्वर पेपर से सजाया गया है और अंदर के पन्नों में प्रियंका ने अपने जीवन के राज को परत-दर-परत शब्दों में बयां किया है। उसने मॉडल टाउन में रहने वाले एक युवक से दोस्ती और प्रगाढ़ संबंध का जिक्र करते हुए अपने मामा ललित से इसके लिए माफी भी मांगी है।

लिस सूत्रों के अनुसार, नई डायरी के सामने आने के बाद जांच को एक नई दिशा मिल सकती है। अब तक ललित के शरीर में पिता की आत्मा आने, तंत्र मंत्र आदि पर ध्यान केंद्रित करके ही जांच की जा रही थी। अब इन पहलुओं के अलावा प्रेम संबंधों के नजरिये से भी मामले की जांच की जा सकती है। वहीं, जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायरी में कही गई बातें कब लिखी गई हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। हो सकता है कि यह डायरी पुरानी हो।

डायरी के पन्नों से

-बेहद सुंदर व आकार में छोटी डायरी में प्रियंका ने शुरुआत ही इस बात से की है कि मैं जो बात आपको बताने जा रही हूं, उससे मैं आपकी नजरों से गिर सकती हूं।

-अगले पेज पर वह मॉडल टाउन में रहने वाले एक लड़के का नाम लिखते हुए उसे अपना दोस्त बताती है और यह भी लिखती है कि अब वह घर खाली करके जा चुका है।

-इसके बाद आगे के पेज पर प्रियंका जीवन के बारे में मामा ललित द्वारा दी गई नसीहतों का जिक्र करती है।

-यह भी भरोसा दिलाने की कोशिश करती है कि वह शादी के बाद अपने ससुराल में ठीक से रहेगी। वहां सबको खुश रखेगी और किसी को शिकायत का मौका नहीं देगी। इस डायरी के आखिरी के कुछ पेज खाली हैं।

(जैसा कि सूत्रों ने बताया)

प्रियंका के दोस्त की तलाश शुरू, अहम होंगे ये सवाल

इस डायरी के सामने आने के बाद पुलिस अब प्रियंका के दोस्त के बारे में पता लगाकर पूछताछ कर सकती है। पुलिस उस लड़के से पूछताछ कर यह भी जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी कि क्या प्रियंका ने कभी मोक्ष प्राप्ति के इस विधि के बारे में चर्चा की थी। पुलिस का कहना है कि डायरी में जिस लड़के का जिक्र है, वह प्रियंका का केवल दोस्त रहा है या फिर दोस्ती से आगे का भी रिश्ता था। उस लड़के के मिलने के बाद इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।

Exit mobile version