Site icon Yashbharat.com

गंजबासौदा में दर्दनाक हादसा: कारों के बीच टक्‍कर, पांच लोग जिंदा जले

basoda car accident 22 04 2018

गंजबासौदा। रविवार की रात कस्बा बागरोद के पास एक भीषण और हृदय विदारक हादसे में कार में लगी आग से एक बच्चा और दो महिलाओं सहित पांच लोग जिंदा जल गए। इस घटना में दो कारों की आपस में भिड़ंत के बाद उनमें अचानक आग लग गई थी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक कार में सवार एक महिला सहित चार लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाल लिया था, लेकिन दूसरी कार में सवार लोगों की तब तक जलकर मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही त्योंदा पुलिस मौके पर पहुचं गई थी और हादसे के करीब दो घंटे बाद नगर से पहुंची दमकल की मदद से कारों में लगी आग बुझाई जा सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विदिशा-सागर हाईवे पर रविवार की रात करीब आठ बजे ग्राम कस्बा बागरोद के पास एक हुंडई की मैग्ना कार क्रमांक एमपी 04 सीएम 1993 और मास्र्ति अल्टो कार क्रमांक एमपी 04 सीपी 0490 की आपस में भिड़ंत हो गई। इस टक्कर के तुरंत बाद दोनों कारों में अचानक भीषण आग लग गई और कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों ने निकाला घायलों को कार से बाहर

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण कारों में लगी भीषण आग को देखकर उनके पास तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। संभवत: उन्हें डर था कि कहीं कारों के पेट्रोल-डीजल टैंक में विस्फोट न हो जाए। हांलाकि उन्होंने तुरंत इसकी सूचना त्योंदा पुलिस और दमकल को दे दी थी। इस दौरान वहां से गुजर रहे जनपद सदस्य प्रयाग सिंह रघुवंशी ने कुछ ग्रामीण युवाओं की मदद से बचाव के प्रयास किए और उन्होंने एक कार में बेहोश हो चुकी एक महिला सहित तीन लोगों को बाहर निकाल लिया। ये चारों आग से झुलस भी गए थे।

हुंडई मैग्ना कार में, जा रहे थे सागर से भोपाल

मौके पर पहुंची पुलिस ने इन चारों घायलों को डायल 100 की मदद से राहतगढ़ पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें उच्च स्तरीय उपचार के लिए सागर रेफर कर दिया। त्योंदा थाने के एएसआई चंद्रभान सिंह राजपूत ने बताया कि ये चारों घायल कार क्रमांक एमपी 04 सीएम 1993 में सवार थे और संभवत: सागर से भोपाल की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार यह कार भोपाल के जहांगीराबाद निवासी सुल्तान यासीन पुत्र मोहम्मद यासीन के नाम से रजिस्टर्ड है।

 रामदयाल प्रजापति के नाम दर्ज आल्टो

उधर दूसरी अल्टो कार क्रमांक एमपी 04 सीपी 0490 में सवार लोगों को बचाने का प्रयास करने के पहले ही कार में सवार पांच लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी और आग में भीषण आग लगी हुई थी। एमपी ट्रांसपोर्ट की वेबसाइट पर यह कार भोपाल के पास नारियलखेड़ा के शारदा नगर बी-ब्लाक निवासी रामदयाल प्रजापति पुत्र भूरेलाल प्रजापति के नाम से दर्ज है।

 नगर से पहुंची दमकल ने बुझाई आग

दूसरी ओर नगर सहित आसपास की दमकलों को सूचना दिए जाने के बाद भी करीब दो घंटे तक कोई दमकल नहीं पहुंची। बाद में नगर से पहुंची दमकल की मदद से दोनों कारों में लगी आग को बुझाया गया और उसके बाद कार में जले पड़े शवों की पड़ताल की जा सकी। एएसआई श्री राजपूत के अनुसार इस कार में दो पुस्र्ष, दो महिलाओं और एक बच्चे का शव था। संभवत: ये सभी भोपाल से सागर की ओर जा रहे थे।

खबर लिखे जाने तक घटना स्थल पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं एसडीओपी सहित त्योंदा टीआई एनपी दायमा और पुलिस बल मौजूद है और घटना की जांच-पड़ताल करते हुए शवों को परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

Exit mobile version