भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कांग्रेस के गढ़ भिंड जिले में पहुंचे, जहां पर उन्होंने लहार, गोहद, मेहगांव और भिंड में देर रात तक सभाओं को संबोधित किया. इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने अपने हाईटेक रथ में सवार होकर 10 फीट ऊपर से जनता का आशीर्वाद लिया.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने यात्रा दतिया जिले के भांडेर से प्रारंभ की और आधी रात के बाद भिंड में जाकर समाप्त की. शिवराज सिंह चौहान रात को लगभग दस बजे गोहद मंच सभा करने पहुंचे, जबकि गोहद में समय शाम छः बजे का निर्धारित किया गया था. गोहद के अलावा मेहगांव में रात को साढ़े ग्यारह बजे और भिंड में आधी रात के बाद शिवराज सिंह चौहान ने सभाओं को संबोधित किया. इस दौरान जनता भी उनके इंतजार में बैठी रही.
शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण में सरकार द्वारा अभी तक किए गए कार्यों का बखान किया. साथ ही उन्होंने बिजली बिल माफी की योजना का गुणगान करते हुए कहा कि हमने सभी के बिल माफ कर दिए हैं. आने वाले दिनों में चार बल्ब, दो पंखे, एक कूलर, टीवी के लिए मात्र दो सौ का बिल सरकार द्वारा लिया जायेगा, जबकि ऊपर का पैसा सरकार खुद भरेगी.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाथ उठवाकर जनता से आशीर्वाद भी लिया. यही नहीं मुख्यमंत्री ने मोबाइल की लाइटें जलवाकर जनता से आशीर्वाद लिया और जमकर कांग्रेस पर हमला किया.

