हरियाणा के सासी गिरोह से साढ़े चार लाख के जेवर बरामद रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन सदस्य गिरफ्तार

कटनी। ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले हरियाणा के सासी गिरोह को पकड़ने में रेल पुलिस को सफलता मिली है।

रेल पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर सासी गिरोह के आधा दर्जन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से लगभग साढ़े चार लाख रूपए कीमती सोने व चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में ट्रेनों की कई वारदातों से पर्दा उठाया है।

जीआरपी थाना प्रभारी जयंत मरस्कोल्ह के मुताबिक मुखबिरों की सूचना पर दबिश देकर हरियाणा के सासी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें रोहतक निवासी 36 वर्षीय मनोज उर्फ मोनू सासी पिता धर्मवीर सासी, 29 वर्षीय संदीप सासी पिता कर्मवीर सासी, सुल्तानपुरी दिल्ली निवासी 38 वर्षीय विनोद कुमार सासी पिता सोपाल सिंह सासी, रोहतक निवासी 40 वर्षीय रमेश सासी पिता राजपाल सासी, 50 वर्षीय सुल्तान सिंह सासी पिता हरि सिंह सासी व 58 वर्षीय बलवीर सासी पिता शिशुराम सासी शामिल हैं।

मुखबिरों ने आरोपियों के एनकेजे स्थित हम्प गेट के पास होने की सूचना दी थी। जिसके बाद दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गाड़ी संख्या 18204 बेतवा एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 15017 काशी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ के साथ ही आरोपियों के पास से लगभग साढ़े चार लाख रूपए कीमती सोने व चांदी के जेवरात बरामद किए गए है

। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जयंत मरस्कोल्हे सहायक उपनिरीक्षक एच.एन.त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक विनोद गौतम, आरक्षक मुकेश मिश्रा, मुनेन्द्र मिश्रा, आलोक कोरी, प्रशान्त यादव, स्वाति तिवारी की भूमिका सराहनीय रही। सभी को रेल पुलिस अधीक्षक ने पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।

Exit mobile version