स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में विशेष भोज का आयोजन
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला, शासकीय माध्यमिक शाला, मदरसा, राष्ट्रीय बालश्रम शालाओं, अनुदान प्राप्त शालाओं में विशेष भोज आयोजित किया जायेगा ।
इस विशेष भोज में बच्चों को सब्जी-पुरी, खीर अथवा सब्जी-पुरी, हलवा तथा इसके साथ में लड्डू का वितरण किया जायेगा । शाला प्रभारियों को इस बात का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है कि भोजन शाला परिसर में निर्मित किचिन शेड में ही बनाया जाये ।
किसी भी अवस्था में भोजन का वितरण प्लास्टिक बैग में न कराया जाये । प्रतिदिन के अनुसार ही थाली में भोजन परोसा जाये । भोजन वितरण के पूर्व शाला प्रभारी या मध्यान्ह भोजन प्रभारी द्वारा भोजन ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण अनिवार्यत: किया जाये ।
प्रत्येक शाला हेतु निरीक्षण रोस्टर अनुसार निर्धारित अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन व माताओं को भी विशेष भोज में सहभागी बनायें । विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक अपने क्षेत्रान्तर्गत शालाओं में अधीनस्थ अमले का रोस्टर बनाकर मॉनीटरिंग करायें ।
इस आयोजन के अवसर पर जिले की किसी भी शाला में जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि भी शामिल हो सकते हैं । स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए आग्रह करें जिससे वे कार्यक्रम स्थल पर भोजन ग्रहण कर सकें ।