Site icon Yashbharat.com

स्लीमनाबाद-मां-बेटे पर जानलेवा हमले में मां की मौत

Untitled 2

कटनी। स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम कौड़िया में मां-बेटे पर जानलेवा हमला करने की घटना प्रकाश में आई है। घटना में मां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पुत्र को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कौड़िया निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मी बाई यादव व उसके 18 वर्षीय पुत्र दिलीप यादव पर मध्य रात्रि लगभग 3 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में मां लक्ष्मी बाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पुत्र दिलीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

आज सुबह लक्ष्मी बाई को मृत व दिलीप को घर में घायल पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल पुत्र दिलीप को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया और लक्ष्मी बाई की लाश को अपने अधिकार में लेकर उसे परीक्षण के लिए स्लीमनाबाद भिजवाया। घटना के कारणों के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं लग सकी है और न ही हमलावरों के संबंध में कोई सुराग हाथ पुलिस को लगे हैं। उधर घटना के बाद से गांव में सनसनी फैली हुई है तथा ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी कर रहे हैं। पुलिस भी परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए हमले के पीछे के कारण व आरोपियों के संबंध में सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
एसपी पहुंचे घटनास्थल
उधर स्लीमनाबाद पुलिस से घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह भी घटनास्थल पहुंच गए और मौका मुआयना करते हुए स्लीमनाबाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में सुराग लगाते हुए गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए वारदात के पीछे के कारणों का भी पता लगाने के प्रयास किए।
पति गया था ससुराल
एक जानकारी में बताया जाता है कि वारदात के समय लक्ष्मी बाई व उसका पुत्र दिलीप यादव घर पर अकेले थे जबकि लक्ष्मी बाई का पति किसी कार्यवश ससुराल गया हुआ था। जिसे आज सुबह पुलिस ने सूचना देकर बुलााया है।

Exit mobile version