Site icon Yashbharat.com

सोशल मीडिया में कांग्रेस की सरकार आने से बिजली गुल की खबरें वायरल

जबलपुर नगर प्रतिनिधि। सरकार बनी और शहर में बिजली बंद होने लगी। दिन-रात कभी भी सप्लाई बंद होने लगी। सोशल मीडिया में ये बात खूब वायरल हुई। आलोचक भी इस मौके को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल से जोड़कर हवा देने में जुट गए। ये बात कांग्रेस के नेताओं को खलने लगी। सरकार की इमेज खराब न हो इसके लिए विधायक और अन्य नेता बिजली अफसरों से बिजली बंद होने की शिकायत लेकर पहुंचे। अफसरों ने बताया कि बिजली के कई काम एक साथ चल रहे हैं इस वजह से बार-बार सप्लाई बंद करनी पड़ रही है।

कांग्रेस नेताओं ने अधीक्षण यंत्री से बिजली सप्लाई बंद होने की जानकारी मांगी। उन्हें बताया गया कि शहर में कई जगह काम हो रहा है। बिजली के काम को लेकर बिजली बंद करनी पड़ रही है। चुनाव आचार संहिता लगने की वजह से डेढ़ से दो माह काम नहीं हुआ। जबकि बिजली ठेका कंपनियों को काम की सीमा पहले से तय की गई है। ऐसे में काम तेजी से करवाया जा रहा है। कांग्रेस की ओर से सतीश तिवारी, गुड्डू नबी, पंकज पांडे, बाबा रिजवान, एजाज अली आदि मौजूद रहे।

यहां बंद हुई बिजली

20 दिसंबर को सिविक सेंटर समेत आधे शहर की रात में सप्लाई बंद हुई।

20 दिसंबर को लाल माटी क्षेत्र में रात्रि तीन घंटे सप्लाई बंद हुई। इसके अलावा चार बार सप्लाई आती-जाती रही।

21 दिसंबर को सिविक सेंटर में करीब एक घंटे सप्लाई बंद हुई।

21 दिसंबर को राइट टाउन में दिनभर में दो-तीन बार सप्लाई बंद हुई।

20-21 दिसंबर को गुप्तेश्वर में बिजली सप्लाई कई बार बंद हुई।

शुक्रवार को अधीक्षण यंत्री शहर आई के त्रिपाठी से मिलने विधायक विनय सक्सेना और नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर गए। इन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कई बार बिजली बंद हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा इससे सरकार की छवि जनता के बीच खराब हो रही है। लोग कांग्रेस को इसके लिए जिम्मेदार मान रहे हैं।

Exit mobile version