
खेल डेस्क.लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को वर्ल्ड कप के फाइनल में हरा दिया। वह पहली बार खिताब जीतने में कामयाब रहा। इंग्लैंड वर्ल्ड कप जीतने वाला छठा देश बना। इससे पहले वेस्टइंडीज, भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और श्रीलंका खिताब जीता था। न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरे फाइनल में हार गई। पिछली बार उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था। बेन स्टोक्स और जोस बटलर की शतकीय साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम चैम्पियन बनने में सफल रही। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम भी 50 ओवर में 241 रन ही बना सकी। मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। वहां दोनों टीमों ने 15-15 रन बनाए। ज्यादा बाउंड्री लगाने के आधार पर इंग्लैंड चैम्पियन बना।
सुपर ओवर इंग्लैंड की बैटिंग
पहली गेंद | स्टोक्स ने 3 रन लिए |
दूसरी गेंद | बटलर ने 1 रन लिया |
तीसरी गेंद | स्टोक्स ने चौका लगाया |
चौथी गेंद | स्टोक्स ने 1 रन लिया |
पांचवीं गेंद | बटलर ने 2 रन लिए |
छठी गेंद | बटलर ने चौका लगाया |
स्टोक्स 84 रन बनाकर नाबाद रहे
स्टोक्स और जोस बटलर नेपांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। स्टोक्स ने नाबाद 84 रन बनाए। बटलर 59 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो 36 रन बनाकर फर्गुसन की गेंद परआउट हुए। कप्तान इयॉन मॉर्गन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेम्स नीशम की गेंद पर लॉकी फर्गुसन ने उनका कैच लिया। जेसन रॉय 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। जो रूट 7 रन बनाकर ग्रैंडहोम की गेंद पर आउट हो गए।
निकोलस ने करियर का 9वां अर्धशतक लगाया
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। उसके लिए हेनरी निकोलस ने 55 और टॉम लाथम ने 47 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए लियम प्लंकेट और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट लिए।निकोलस ने वर्ल्ड कप में अपना पहला और करियर का 9वां अर्धशतक लगाया।
विलियम्सन और निकोलस ने अर्धशतकीय साझेदारी की
केन विलियम्सन 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लियम प्लंकेट ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने निकोलस के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की।रॉस टेलर 15 रन बनाकर मार्क वुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।जेम्स नीशम 19 रन बनाकर प्लंकेट की गेंद पर जो रूट को कैच थमा बैठे।कॉलिन डी ग्रैंडहोम 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए।
गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक नहीं लगा सके
न्यूजीलैंड ने पहला विकेटमार्टिन गुप्टिल (19 रन) का खोया। उन्हें क्रिस वोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। उन्होंने पिछला अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में लगाया था।