Site icon Yashbharat.com

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दावा- हार्दिक पटेल ने राहुल गांधी से की थी गुप्‍त मुलाकात!

haedik patel and rahul gandhi

विभिन्न टीवी चैनलों ने दावा किया है कि गुजरात के एक होटल में पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बीच “गुप्त मुलाकात” हुई थी। राहुल गांधी और हार्दिक पटेल ने ऐसी किसी मुलाकात से इनकार किया है। गुजरात विधान सभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच गठजोड़ को लेकर मीडिया में अटकलें लगायी जा रही हैं। माना जा रहा है कि राज्य में सत्ताधारी बीजेपी के खिलाफ दोनों नेता हाथ मिला चुके हैं। गुजरात में नौ दिसंबर और 14 दिसंबर को मतदान होगा और 18 दिसंबर को चुनाव नतीजा आएगा। राज्य में बीजेपी दो दशकों से सत्ता में है।

टीवी चैनल दावा कर रहे हैं कि कथित फुटेज सोमवार (23 अक्टूबर) की रात 12 बजे से दो बजे के बीच का है। सीसीटीवी फुटेज में हार्दिक पटेल होटल के गलियारे में इंतजार करते और फिर एक कमरे के अंदर जाते दिख रहे हैं। टीवी चैनल दावा कर रहे हैं कि कमरे में प्रवेश करते समय सफेद कुर्ता-पाजामा पहने एक आदमी ने उनका स्वागत किया जो राहुल गांधी हो सकते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने सीसीटीवी फुटेज के सामने आने में बीजेपी का हाथ होने से इनकार किया है। सीएम रूपानी ने कहा है कि हार्दिक को बताना चाहिए कि वो इस मुलाकात को क्यों छिपा रहे हैं? राहुल गांधी के ताजा गुजरात दौरे में प्रदेश के ओबीसी नेता कल्पेश ठाकोर ने एक बड़ी जनसभा में कांग्रेस में शामिल होने का एलान किया था।

Exit mobile version