Site icon Yashbharat.com

सीतामढ़ी के पास NH 77 पर बस पलटी, 14 की मौत, कई गम्भीर

bus turn turtel new 2018317 201544 17 03 2018

सीतामढ़ी। मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी एनएच 77 पर रुन्नीसैदुपर के भनसपट्टी लाइन होटल के समीप यात्रियों से भरी सवारी बस पुल का रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फुट नीचे पलट गई। हादसे में अब तक 14 लोगों के मरने की सूचना है। इस हृदयविदारक घटना पर राज्‍यपाल सत्‍यपाल मलिक, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, राबड़ी देवी सहित कई नेताओं ने शोक जताया है।

करीब 38 लोग जख्मी हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है, जिन्हें एसकेएमसीएच रेफर किया गया है। बस को सीधा किया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, चंदन ट्रेवल्स की बस (बीआर 06पी/9161) मुजफ्फरपुर से औराई जा रही थी।

बस पर करीब 60 लोग सवार थे। भनसपट्टी पुल के समीप पहुंचते ही चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे चली गई। सूचना के बाद मुजफ्फरपुर के जोनल आइजी, कमिश्नर और डीएम वहां पहुंचे। कमिश्नर ने 11 लोगों के मरने की पुष्टि की है। इनमें तीन की पहचान हो चुकी है।

इनमें नइमा खातून पति तहसीम, ग्राम डुमरी, थाना कटरा, रामविनय चौधरी, धनौर, थाना-कटरा, नरेश दास ग्राम-धनौर, थाना-कटरा हैं। सभी मुजफ्फरपुर जिले के निवासी थे। अन्य मृतकों की पहचान की कोशिश जारी है। घटनास्थल पर अफरातफरी मची है। स्थानीय लोग व पुलिस प्रशासन बचाव कार्य में जुटे हैं।

ट्रक से बचाने के चक्कर में हादसा

एक अन्य घायल गांव चैनपुर धरहरवा थाना औराई निवासी सुधाकर मिश्र ने बताया कि घर जाने के लिए चंदन रथ बस पर जीरोमाइल में सवार हुआ। बस के बीच में खड़ा था। एक दर्जन और यात्री खड़े थे। कुछ यात्री बस की छत पर भी थे। भनसपट्टी पुल पर अचानक सीतामढ़ी की ओर से सामने ट्रक आ गया। उससे बचने के क्रम में चालक ने संतुलन खो दिया। बस दाहिनी ओर पुल का रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। इसके बाद कुछ मुझे याद नहीं।

मुख्यमंत्री ने अनुग्रह अनुदान की घोषणा की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने शोक संदेश में कहा कि कि यह घटना काफी दुखद है। इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को अविलंब अनुग्रह अनुदान दिए जाने का निर्देश दिया है। दुर्घटना में घायल लोगों के समुचित इलाज की भी हिदायत दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं तेजप्रताप यादव ने भी बस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। राजद नेताओं ने हादसे में घायल हुए लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का जिला प्रसासन से आग्रह किया है।

Exit mobile version