Site icon Yashbharat.com

सीएम शिवराज का कमलनाथ पर तंज, कहा- ‘तेरी प्यारी-प्यारी सूरत को किसी की नजर न लगे’

shivraj with vd 1

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

रविवार को भिंड में मौजूद चौहान ने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। राज्य के बजट से पैसा निकाला, वह पैसा अपनी जेब में डाला जो विकास के लिए था।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, ‘हमने कई बार कहा कि कमलनाथ जी कभी बाहर निकलो, जनता कष्ट में है, बाढ़ आ गई, सूखा पड़ गया।

वो बोले हम ऐसे मुख्यमंत्री थोड़े ही हैं जो गली-गली फिरें, हम तो यहीं बंगले में बैठकर देख लेते हैं। मैंने कहा, तेरी प्यारी-प्यारी सूरत को किसी की नजर ना लगे कमलनाथ।’

शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने किसान फसल बीमा योजना के प्रीमियम का 2200 करोड़ रुपये का घालमेल किया।

इससे पहले शनिवार को चौहान में मुरैना में कहा था कि कमलनाथ और दिग्विजय ने मध्यप्रदेश के वल्लभभवन को दलालों का अड्डा बना दिया।

भिंड जिले के गोहद में मुख्यमंत्री चौहान ने 482 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हम विकास की नई गाथा लिखेंगे। किसानों, युवाओं, बहनों और गरीबों को उनका हक मिलेगा।’

दतिया जिले के भांडेर में भी उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।

कमलनाथ ने दी चौहान और सिंधिया को खुली चुनौती
मध्यप्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों के प्रचार में कूदे कमलनाथ ने रविवार को कहा कि उनकी अगुवाई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने सूबे में 26 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। वह इंदौर के सांवेर क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमचंद बौरासी ‘गुड्डू’ के पक्ष में जन सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया को खुली चुनौती भी दी कि वे उनके इस दावे का खंडन करके दिखाएं। चौहान पर झूठी घोषणाएं करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री रहने के दौरान घोषणाओं की राजनीति कभी नहीं की।’

 

Exit mobile version