Site icon Yashbharat.com

साल का समापन 3-0 से करने उतरेगी टीम इंडिया

unnamed 5 1

मुंबई: कप्तान रोहित शर्मा के रिकॉर्ड शतक से सीरीज अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ रविवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले तीसरे और अंतिम ट्वंटी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में भी जीत हासिल कर साल का समापन 3-0 के साथ करने के इरादे से उतरेगी।

भारत ने सीरीज का पहला मैच 93 रन और दूसरा मैच 88 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने इस साल श्रीलंका को उसकी जमीन पर तीनों फॉर्मेट में 9-0 से धोया था और अब अपनी जमीन पर घरेलू सीरीज में में वह श्रीलंका के खिलाफ 5 मैच जीत चुका है।

भारत ने श्रीलंका से टेस्ट सीरीज 1-0 से और वनडे सीरीज 2-1 से जीती है। भारतीय क्रिकेट के लिए जबरदस्त साल रहे 2017 में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड 14 सीरीज जीती हैं और तीसरे मैच में रोहित एंड कंपनी का लक्ष्य साल का समापन 3-0 के साथ करना रहेगा।  दूसरी तरफ श्रीलंकाई टीम की भी कोशिश रहेगी कि लगातार पराजय झेलने और भारतीय टीम से बुरी तरह पिटने के बाद कम से कम वह आखिरी मैच में जीत हासिल करे और अपना कुछ सम्मान बचाकर स्वदेश लौटे। श्रीलंका के लिए ट्वंटी 20 सीरीज तो और दु:स्वप्न साबित हुई है जहां उसके गेंदबाजों की ऐसी पिटाई हुई है जिसे वे लम्बे समय तक याद रखेंगे।

Exit mobile version