सागर राहतगढ़ वाटरफॉल में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, मासूम बालिका की हालत गम्भीर

सागर ब्रेकिंग, आशीष शुक्ला, वाटरफॉल में डूबने से सागर के एक ही परिवार के 5 लोगों की मृत्यु तथा एक की हालत गम्भीर है।
सागर। सागर जिले के राहतगढ़ वाटरफॉल पर पिकनिक मनाने गए एक ही परिवार के 06 लोगों में से 5 की डूबने से मृत्यु हो गई है।
हादसे में शामिल एक बच्ची की जान बचा ली गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। यश भारत सागर के ब्यूरो कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के शिकार हुए सभी लोग सागर के इतवारी टौरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
विस्तार…
जिले के राहतगढ़ वाटरफॉल में पिकनिक मनाने गए सागर के पांच लोगों के पानी में डूब जाने से जल समाधि की दर्दनाक घटना सामने आयी है। हादसे में गंभीर एक बालिका की हालत नाजुक बनी हुई है।
सागर जिले के प्रसिद्ध राहतगढ़ वाटरफॉल में मंगलवार को पिकनिक मनाने गए परिवार के छह में से पांच मृतकों में चार नाबालिग बताए जा रहे हैं वही एक बालिका की हालत गंभीर बनी हुई है।
यश भारत ब्यूरो कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर के इतवारी टोरी और अर्जना गांव निवासी आपस मे रिश्तेदार नजीर खां 38, रूबी 13, नसीम 16, हिना 17 रोजी 17 वर्ष तथा नाजिया पिकनिक मनाने आटो रिक्शा से राहतगढ़ वाटरफॉल गए थे।
इसी दौरान नहाते समय गहराई में चले जाने के बाद एक दूसरे को बचाने के प्रयास में यह डूबते चले गए। बाद में इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राहतगढ़ पुलिस ने गोताखोरों की मदद से इनकी तलाश शुरू की। बाद में एक-एक करके कई घंटों की तलाश के बाद जब इन को बाहर निकाला गया तब तक पांच की सांसे थम चुकी थी। सिर्फ नाजिया की सांसे चल रही थी जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
राहतगढ़ घटना के प्रति कलेक्टर दीपक सिंह ने व्यक्त की संवेदना : आर्थिक सहायता की घोषणा
वाटरफॉल पर पिकनिक मनाने गए 5 लोगों की मौत की घटना पर कलेक्टर दीपक सिंह ने संवेदना व्यक्त की है। यश भारत संभागीय ब्यूरो को उन्होंने बताया कि संबंधित परिवार की शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता की जाएगी।
कलेक्टर दीपक सिंह ने राहतगढ़ एसडीएम को निर्देश दिए हैं की रहतगढ़ वॉटर फ़ॉल में आवश्यक साइनेज एवं सूचना बोर्ड के द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्रों की जानकारी प्रदर्शित की जाए। उनके निर्देशानुसार होम गार्ड की टीम द्वारा पानी में डूबने से मृत हुए व्यक्तियों की बॉडी निकाल ली गई है।








